पूर्व विधायक के भतीजे सहित चार आरोपी भेजे जेल:अलीगढ़ में प्लॉट न बेचने पर हुआ था हमला, पुलिस ने रिवॉल्वर के लाइसेंस निरस्तीकरण की भेजी रिपोर्ट

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

अलीगढ़ के थाना महुआखेड़ा क्षेत्र के देवी नगला में बुधवार शाम हुए प्लॉट विवाद के बवाल में पुलिस ने दोनों पक्षों से चार आरोपियों को जेल भेज दिया है। इनमें फायरिंग का मुख्य आरोपी और पूर्व विधायक अमर सिंह यादव का भतीजा मोहकम सिंह भी शामिल है। पुलिस ने रिवॉल्वर के लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट डीएम को भेजी है। 260 वर्ग गज का प्लॉट न मिलने पर बोला था हमला देवी नगला में रोहन सिंह यादव का एक 260 वर्ग गज का प्लॉट खाली पड़ा है। वह उसमें अपने मवेशी बांधते हैं। यह प्लॉट पूर्व विधायक के भतीजे मोहकम सिंह यादव के मकान के ठीक सामने है। प्लॉट सामने हाेने के कारण मोहकम उसे बहुत दिनों से लेने के लिए दबाव बना रहा था। रोहन सिंह के बेटे अर्जुन ने बताया कि प्लॉट बेचने से मना करने पर यह हमला हुआ था। उनका कहना है कि बाहर से भी कुछ लोग बुलाए गए थे। भैंस खोलते समय बोला था हमला बुधवार करीब साढ़े चार बजे रोहन सिंह यादव का बेटा अर्जुन भैंस खोलने गया था, उसी समय उस पर हमला लाठी–डंडों और सरिया से मोहकम सिंह यादव ने अपने भाइयों और साथियों के साथ हमला बोला था। शोर सुनकर बचाने आए छोटे भाई नकुल पर भी हमला कर दिया। थोड़ी ही देर में बचाने पहुंचे ताऊ के बेटे सोनपाल पर लाठी–डंडों और फावड़े से हमला कर बेहोश कर दिया। फायरिंग से टूटा पाइप और दीवार में घुसी गोलियां तीनों भाइयों को बचाने के लिए परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और थोड़ी ही देर में दोनों पक्षों की ओर से पथराव शुरू हो गया। तभी मोहकम सिंह यादव ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दहशत फैला दी। गोलियों से रोहन सिंह के घर पर लगा पाइप टूट गया। गोलियां दीवार में घुस गईं। इस घटना में दोनों ओर से लगभग आधा दर्जन लोग घायल हुए। पुलिस ने अपनी तरफ से दर्ज किया मुकदमा घटना के मामले में पहली तहरीर रोहन पक्ष की ओर से दी गई थी, लेकिन पुलिस ने उपद्रव हमला और बवाल को देखते हुए खुद ही दोनों पक्षों पर हमला, मारपीट, उपद्रव जैसी विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। मोहकम पक्ष से सात और रोहन पक्ष से चार लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस पर मुकदमा दर्ज न करने आरोप मोहकम सिंह, उसके बेटे हर्षित और सोमवीर व रोहन के बेटे सहदेव को हिरासत में लेकर न्यायालय पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेजा गया है। उधर, गुरुवार सुबह रोहन पक्ष के लोग एसएसपी कार्यालय पहुंचे और पुलिस में मुकदमा दर्ज न करने का आरोप लगाया। उन्होंने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। कानून व्यवस्था हुई प्रभावित, आरोपियों की तलाश जारी एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने कहा कि महिलाओं के मामूली विवाद में पुरुषों के दखल से मामला बढ़ा और इलाके की कानून व्यवस्था प्रभावित हुई। उसी के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। फायरिंग में इस्तेमाल रिवॉल्वर बरामद कर उसके लाइसेंस के निरस्तीकरण की रिपोर्ट भी डीएम को भेज दी गई है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *