बुलंदशहर। एक निजी कंपनी के प्रबंधक से रुपए दोगुने करने का लालच देकर 37 लाख रुपए की ठगी की गई है। आरोपी अब रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश कुमार सिंह ने मामले की जांच साइबर थाना पुलिस को सौंप दी है। देहात क्षेत्र की यमनापुरम कॉलोनी निवासी अमित कुमार गुप्ता ने एसएसपी को शिकायत पत्र दिया है। अमित एक निजी कंपनी में प्रबंधक हैं, जबकि उनकी पत्नी बुलंदशहर ब्लॉक के एक गांव में प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं। वर्ष 2014 में उनकी मुलाकात कॉलोनी निवासी एक होम्योपैथिक चिकित्सक से हुई थी। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2018 में चिकित्सक ने अमित को एक साल में रकम दोगुनी करने की योजना का झांसा दिया। शुरुआत में उससे साढ़े चार लाख रुपये लिए गए और एक साल बाद की तारीख का दस लाख रुपये का चेक दिया गया। पुलिस से शिकायत की इसके बाद, 28 मई 2018 को साढ़े चार लाख रुपए, 30 अप्रैल 2018 को दो लाख रुपए और 19 दिसंबर 2018 को तीन बार में 26 लाख रुपए खाते में ट्रांसफर कराए गए। हर बार आरोपी ने एक साल बाद की तारीख का दोगुनी रकम का चेक बनाकर दिया। इस तरह कुल 37 लाख रुपए की ठगी की गई। आरोप है कि चेक भुगतान की तारीख नजदीक आने पर आरोपी चिकित्सक ने अमित को बातों के जाल में फंसाकर सभी चेक और शपथ पत्र वापस ले लिए। हालांकि, पीड़ित के पास इन दस्तावेजों की छायाप्रतियां मौजूद हैं। अब जब अमित अपनी रकम वापस मांगते हैं, तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने इस गंभीर मामले का संज्ञान लेते हुए साइबर थाना पुलिस को विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पैसे डबल करने का लालच देकर प्रबंधक से ठगी:37 लाख रुपए ले लिए, वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा
📅 Published: November 24, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
