प्रयागराज में मुख्यालय पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश सब एरिया की ओर से शुक्रवार को पूर्व सैनिक (ईएसएम) रैली का आयोजन किया गया। इसमें प्रयागराज, फतेहपुर, कौशांबी, प्रतापगढ़, बांदा और चित्रकूट जनपदों के लगभग 900 पूर्व सैनिक और 20 वीर नारियां शामिल हुईं। रैली का उद्देश्य वयोवृद्ध सैनिकों और वीर नारियों की समस्याओं व आवश्यकताओं का समाधान करना था। भारतीय सेना के एडजुटेंट जनरल लेफ्टिनेंट जनरल वीपीएस कौशिक (UYSM, YSM, SM) कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने पूर्व सैनिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका सामाजिक योगदान राष्ट्र के लिए प्रेरणादायक है। मुख्य अतिथि ने समाज में विशिष्ट योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों और अदम्य साहस का प्रतीक वीर नारियों को सम्मानित भी किया। रैली में मेजर जनरल एएस सोहल (VSM), जीओसी पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश सब एरिया, जिला स्तरीय गणमान्यजन और जिला सैनिक बोर्ड के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। ओआईसी डीपीसीसी द्वारा पूर्व सैनिकों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, लाभों और पुनर्वास अवसरों पर एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने इसका लाभ उठाया। रैली में चिकित्सा सुविधा, लाभ वितरण, दस्तावेज़ सत्यापन और मार्गदर्शन सहित कई सहायता सेवाएँ उपलब्ध कराई गईं। पूर्व सैनिकों और वीर नारियों ने इन सेवाओं का लाभ उठाया।
प्रयागराज में पूर्व सैनिक रैली, 20 वीर नारियों का सम्मान:यूपी ईस्ट व एमपी सब एरिया के 900 पूर्व सैनिक हुए शामिल
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
