सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रयागराज आगमन से एक दिन पहले शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नगर निगम के सैकड़ों सफाई कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। नाराज कर्मचारियों ने सोमवार को नगर निगम परिसर में जोरदार नारेबाज़ी करते हुए चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक यह हड़ताल जारी रहेगी। कर्मचारियों ने आउटसोर्स प्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें शासनादेश के अनुरूप 20 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलना चाहिए। उनका कहना है कि महाकुंभ के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं घोषणा की थी कि आउटसोर्स सफाई कर्मियों को 20 हजार रुपये का भुगतान दिया जाएगा, लेकिन अब तक उन्हें इसका लाभ नहीं मिला है। इसके साथ ही 18–19 साल से संविदा पर काम कर रहे कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग भी प्रमुख मुद्दों में शामिल है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कई कर्मी अब 50–55 वर्ष की उम्र में पहुंच चुके हैं, फिर भी उन्हें स्थायी नहीं किया गया है। नगर निगम अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कर्मचारियों ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में पारदर्शिता नहीं है। सफाई मजदूर यूनियन के अध्यक्ष प्रदीप ने स्पष्ट किया कि यह केवल धरना नहीं, बल्कि अनिश्चितकालीन हड़ताल है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रयागराज की सफाई व्यवस्था बंद हो चुकी है, जिससे शहर की स्थिति बिगड़ने लगी है। प्रदीप ने कहा कि जब तक आउटसोर्स कर्मियों को 20 हजार रुपये वेतन और संविदा कर्मियों को नियमित किए जाने का लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। कर्मचारी मंगलवार को नगर निगम से जुलूस निकालकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर रहे हैं। उनका कहना है कि सीएम के समक्ष अपनी पीड़ा और मांगों को सीधे तौर पर रखने का यह सही समय है। हड़ताल के चलते शहर में कूड़ा संग्रहण और सफाई पूरी तरह ठप है, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने दो टूक कहा है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रयागराज में सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू:सीएम योगी का दौरा कल, 20 हजार वेतन, नियमितीकरण की मांग, सफाई व्यवस्था बंद
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
