उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज यूनिट ने 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश तबरेज आलम को गिरफ्तार किया है। तबरेज लूट के एक मामले में फरार चल रहा था। एसटीएफ ने उसे गुरुवार को कौशांबी जिले के संदीपन घाट थाना क्षेत्र के लोहरा गांव से पकड़ा। वह नवाबगंज थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 412/2024, धारा 309(4) बीएनएस में वांछित था। एसटीएफ को लगातार फरार और इनामी अपराधियों के सक्रिय होने की सूचनाएं मिल रही थीं। इसी क्रम में डीएसपी एसटीएफ शैलेश प्रताप सिंह की टीम को जानकारी मिली कि तबरेज अपने चाचा अफजल के घर लोहरा गांव में छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि होने के बाद एसटीएफ टीम ने शाम 4:15 बजे दबिश देकर तबरेज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तबरेज आलम ने बताया कि वह एक संगठित गिरोह चलाता है और उसके मुख्य साथी साहिल और सत्तार हैं। उसने स्वीकार किया कि 21/22 सितंबर 2024 की रात उसने अपने साथियों के साथ एक मोटरसाइकिल सवार युवक का पीछा किया और जीडीएस कॉलेज रामपुर के पास उसे रोककर बाइक लूट ली। इसी मामले में नवाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। उसके साथी साहिल और सत्तार पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। इनामी घोषित होने के बाद तबरेज लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। गिरफ्तारी से पहले वह कौशांबी में अपने रिश्तेदार के घर छिपा हुआ था। तबरेज आलम का आपराधिक इतिहास लंबा है। प्रयागराज के सोरांव और नवाबगंज थानों में उसके खिलाफ कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, लूट, मारपीट, धमकी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराएं शामिल हैं। 2018 से 2024 तक उसके खिलाफ कुल 8 मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जिनमें धारा 309(4), 115(2), 303(2), 317(2)/317(4)/317(5) प्रमुख हैं। एसटीएफ ने आरोपी को नवाबगंज थाने में दाखिल कर दिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जाएगी। अधिकारी मान रहे हैं कि उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में हाल में हुई लूट और चोरी की कड़ियों को जोड़ने में मदद मिलेगी।
प्रयागराज में 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार:लूट के मामले में था फरार, कौशांबी में चाचा के घर छिपा था
📅 Published: November 20, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
