प्रेमनगर में युवक की संदिग्ध मौत:बीमारी और शराब की लत पर सवाल, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

📅 Published: November 22, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मोहल्ला भूड़ कानूनगोयन निवासी 29 वर्षीय अंकित श्रीवास्तव का शव उनके घर के भीतर मिला। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने अंकित की मौत का कारण पुरानी बीमारी और शराब की लत बताया है। परिजनों के मुताबिक, अंकित लंबे समय से शराब का सेवन करता था और लीवर संबंधी बीमारी से पीड़ित था। शनिवार दोपहर वह अपनी पत्नी प्रियंका को उनके मायके बिहारीपुर छोड़कर घर लौटा था। इसके बाद वह घर में अकेला था। शाम तक जब घर के अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो परिजनों ने दरवाजा खोला। अंदर अंकित मृत अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस की प्रारंभिक जांच में भी अत्यधिक शराब सेवन और कमजोर स्वास्थ्य को संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। थाना पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *