प्रेमिका ने फांसी लगाकर की आत्महत्या:मां का आरोप- शादी के लिए प्रेमी ने मांगे थे दो लाख रुपए

📅 Published: November 20, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

ललितपुर में शादी से इनकार किए जाने से कथित तौर पर आहत एक युवती ने गुरुवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की मां ने प्रेमी के परिजनों पर शादी के लिए दो लाख रुपए दहेज मांगने और मांग पूरी न होने पर शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तालाबपुरा बंध के पास हुई। 19 वर्षीय जूली कुशवाहा पुत्री बालकिशन गुरुवार दोपहर करीब दो बजे अपने घर पर अकेली थी, जब उसकी मां किसी काम से बाहर गई हुई थीं। इसी दौरान जूली दूसरे कमरे में गई, दरवाजा अंदर से बंद किया और भाभी की साड़ी से पंखे के कुंदे पर फंदा बनाकर लटक गई। जूली के भतीजे ने उसे आवाज दी, लेकिन कोई जवाब न मिलने पर उसने परिजनों को सूचना दी। कमरे का दरवाजा बंद होने के कारण परिजन घर के पीछे की खिड़की से अंदर पहुंचे, जहां उन्होंने जूली को मृत पाया। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतका जूली की मां कमला कुशवाहा ने बताया कि उनकी बेटी का प्रेम प्रसंग मोहल्ला चौकाबाग निवासी एक रिश्तेदार के लड़के से चल रहा था। जूली उसी लड़के से शादी करना चाहती थी। कमला कुशवाहा के अनुसार, एक दिन पहले बुधवार को लड़के की मां ने उन्हें और जूली को अपने घर बुलाया था। वहां लड़के की मां और बहन मौजूद थीं। लड़के की मां ने शादी के लिए दो लाख रुपए और दान-दहेज की मांग की। कमला कुशवाहा ने बताया कि उनके पास इतना पैसा नहीं था, जिसके बाद वे घर लौट आए। इस घटना के बाद से जूली ने बुधवार शाम से खाना नहीं खाया था। गुरुवार सुबह परिजनों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह आत्महत्या करने की जिद पर अड़ी रही और दोपहर तक उसने खाना नहीं खाया। मौका मिलते ही उसने यह कदम उठा लिया। मां ने बताया कि जूली पांच बहनों दो भाइयों में सबसे छोटी थी। वह कक्षा 8वीं तक पढ़ी थी।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *