फर्रुखाबाद की महिला ने अल्हागंज पुलिस पर लगाए आरोप:कंप्यूटर रूम में लाइट बंद कर छेड़छाड़, बोली- सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाए

📅 Published: November 20, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

शाहजहांपुर के अल्हागंज थाने के पुलिसकर्मियों पर फर्रुखाबाद की एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे और उसके पति को थाने लाकर मारपीट की, पति के पैसे छीन लिए और कंप्यूटर रूम में लाइट बंद कर उसके साथ छेड़छाड़ की। पीड़िता ने फर्रुखाबाद के एसपी और डीएम को प्रार्थना पत्र दिया है, जिसके बाद शाहजहांपुर एसपी ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। फर्रुखाबाद के कादरीगेट थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने बताया कि कुछ समय से उसे अज्ञात नंबरों से फोन पर गालियां दी जा रही थीं। 13 नवंबर को अल्हागंज थाने से भी उसे फोन कर गाली-गलौज की गई। उसी शाम जब उसका पति कुछ सामान लेने गया तो अल्हागंज थाने की एक महिला दरोगा और दो सिपाही उसे कार में डालकर ले गए। पति के साथ मारपीट भी की गई। इसके बाद पुलिसकर्मी महिला के घर आए और उसे तथा उसके दो साल के बेटे को कार में बैठाकर थाने ले गए। महिला का आरोप है कि कार के अंदर पुलिसकर्मियों ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और अश्लील गाने बजाए। अल्हागंज थाने में उसे कंप्यूटर रूम में ले जाकर मारपीट की गई। जब महिला दरोगा रूम से बाहर चली गईं, तब दो पुलिसकर्मियों ने लाइट बंद कर उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला दरोगा ने वापस आकर कथित तौर पर उनसे पैरों पर नाक रगड़कर माफी मांगने को कहा और फर्जी मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी। इसके बाद पति को हवालात में बंद कर दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि जब परिवार के लोग थाने पहुंचे, तो पुलिस ने उनसे पूछताछ कर लाने की बात लिखवा ली। महिला ने घटनाक्रम के सीसीटीवी फुटेज और सभी पुलिसकर्मियों की लोकेशन निकलवाकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि महिला के पति के खिलाफ एक शिकायत आई थी, जिसके संबंध में उससे पूछताछ की गई थी। एसपी के अनुसार, पति ने माफीनामा भी लिखकर दिया है। महिला ने जो आरोप लगाए हैं। उसकी सीओ जलालाबाद जांच कर रहे हैं।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *