फिरोजाबाद के गांव अकबरपुर में बाबा नीम करोरी का प्राकट्योत्सव मनाया जा रहा है। इस अवसर पर शनिवार रात आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं, जिसमें दर्शकों ने लोक नृत्य का खूब आनंद लिया। जन सूचना एवं संपर्क विभाग, लखनऊ के कलाकारों ने शनिवार रात विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गायक संतोष ने बाबा नीम करोरी पर आधारित गीत ‘सुनियो पुकार बाबा आया तेरे द्वार, दुनिया चलाने वाला तू है बाबा’ गाया। लोक नृत्य कलाकारों में नेहा वर्मा, प्रियांशी, नीतू मौर्य, रोशनी और आयुषी शामिल थीं, जिन्होंने शानदार प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों को देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए और उन्होंने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। यह कार्यक्रम शाम छह बजे शुरू होकर रात नौ बजे तक चला। कड़ाके की सर्दी के बावजूद दर्शक पंडाल में डटे रहे और कार्यक्रमों का लुत्फ उठाया। उल्लेखनीय है कि गांव अकबरपुर बाबा नीम करोरी का जन्म स्थान है। इस आयोजन के लिए पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं। मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। 28 नवंबर को भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।
फिरोजाबाद में बाबा नीम करोरी का प्राकट्योत्सव:सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां
📅 Published: November 23, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
