फिरोजाबाद के नारखी थाना क्षेत्र स्थित बजीरपुर कोटला गांव में शुक्रवार रात एक 26 वर्षीय युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान पूरन के बेटे सौरव के रूप में हुई है। उसने अपने घर के कमरे में यह कदम उठाया। रात करीब 7 बजे गोली चलने की तेज आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और पड़ोसी घबरा गए। जब वे कमरे में पहुंचे, तो सौरव लहूलुहान अवस्था में जमीन पर पड़ा था। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। यह परिवार के लिए दूसरी बड़ी त्रासदी है। लगभग दो वर्ष पहले सौरव के पिता पूरन की भी हत्या कर दी गई थी। परिवार अभी पिता की मौत के सदमे से उबरने की कोशिश कर रहा था कि अब यह नई घटना सामने आ गई। सौरव की शादी पांच वर्ष पहले हुई थी। उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक 4 वर्ष की बेटी और एक 2 वर्ष की बेटी शामिल है। घटना के समय उसकी पत्नी अपने मायके गई हुई थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस आत्महत्या के कारणों की पड़ताल में जुटी हुई है।
फिरोजाबाद में युवक ने की आत्महत्या:खुद को गोली मारकर दी जान, कारणों की पड़ताल में जुटी पुलिस
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
