फिरोजाबाद में आबकारी विभाग ने गिहार कॉलोनी में बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार, 24 नवंबर 2025 को शिकोहाबाद थाना क्षेत्र की गिहार कॉलोनी में चलाए गए विशेष अभियान के तहत 29 लीटर कच्ची शराब और 50 किलो लहन बरामद किया गया। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया। यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी फिरोजाबाद के आदेशों पर की गई। इसमें संयुक्त आबकारी आयुक्त आगरा जोन, उप आबकारी आयुक्त आगरा प्रभार और जिला आबकारी अधिकारी फिरोजाबाद का सीधा पर्यवेक्षण रहा। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 शिकोहाबाद जी.के. वर्मा ने अपनी टीम के साथ इस अभियान का नेतृत्व किया। टीम ने गिहार कॉलोनी में अचानक घेराबंदी कर कई घरों और संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान लगभग 29 लीटर अवैध कच्ची शराब और करीब 50 किलो लहन मिला। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया ताकि इसका दोबारा उपयोग न हो सके। मौके से गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में दो अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ यह अभियान सख्ती से जारी रहेगा। किसी भी स्तर पर अवैध कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
फिरोजाबाद में 29 लीटर कच्ची शराब, 50 किलो लहन बरामद:गिहार कॉलोनी में छापेमारी, आबकारी विभाग ने दो आरोपियों को पकड़ा
📅 Published: November 24, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
