31 जनवरी को फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर 5 राउंड फायरिंग हुई। घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग के गुर्गे शुभम लोनकर ने ली। वही शुभम, जो सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग केस में भी वांटेड है। रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग से 5 दिन पहले फिल्म फाइनेंसर सनी नाना वाघचौरे से 5 करोड़ रुपए रंगदारी मांगी गई थी। ये धमकी भी शुभम लोनकर ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर दी थी। तीन किलो सोने की चेन पहने सनी की तस्वीरें सोशल मीडिया में काफी वायरल हैं। अब सवाल उठता है कि क्या ये महज इत्तफाक था या सोची समझी साजिश। कहीं रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग के बहाने लॉरेंस गैंग के निशाने पर बॉलीवुड के बड़े स्टार्स तो नहीं हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच और दूसरी एजेंसियां अब इस एंगल से मामले की पड़ताल कर रही हैं। मुंबई पुलिस ने पहले रोहित शेट्टी के मामले में शुभम लोनकर का नाम कोर्ट डॉक्यूमेंट में नहीं रखा था, लेकिन बाद में जोड़ दिया। हालांकि जिस लॉरेंस के नाम पर फायरिंग हुई और धमकाया गया, पुलिस ने उसका नाम इसमें शामिल नहीं किया है। पुलिस शुभम लोनकर के सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर रही है। दैनिक भास्कर को सोर्सेज से पता चला है कि बॉलीवुड में बड़े फिल्म प्रोजेक्ट से जुड़े प्रोड्यूसर, एक्टर और फाइनेंसर, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर हैं। ये 1990 में दाऊद गैंग के पैटर्न को फॉलो कर रहे हैं। अबू सलेम की तर्ज पर लॉरेंस का गुर्गा मांग रहा रंगदारी
रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग के बाद शुभम लोनकर आरजू बिश्नोई नाम से बने फेसबुक पेज से एक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई। इसमें कई फिल्म स्टार्स को टारगेट करने का जिक्र है। ऐसे में सवाल था कि क्या वाकई फिल्म स्टार लॉरेंस गैंग के निशाने पर हैं। इसे समझने के लिए हमने गैंगस्टर नेटवर्क पर काम कर रहे सोर्स से कॉन्टैक्ट किया। नाम न छापने की शर्त पर मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि लॉरेंस गैंग से अलग होने के बाद रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ गैंग भी फिल्मी सितारों को टारगेट कर रहा है। सितंबर 2025 में यूपी के बरेली में एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर फायरिंग की गई। पहली बार फायरिंग की खबर मीडिया में नहीं आई, तो अगले दिन कई राउंड फायरिंग की गई। इससे पहले अप्रैल 2025 में लॉरेंस गैंग ने सलमान खान के घर फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। फिर अक्टूबर 2025 में कनाडा के सरे में कपिल शर्मा के कैफे पर तीसरी बार फायरिंग हुई। इन घटनाओं से साफ है कि लॉरेंस गैंग फिल्मी सितारों को धमकी देकर करोड़ों वसूलने की तैयारी में हैं। हालांकि, लॉरेंस गैंग का मेंबर शुभम लोनकर जो पैटर्न अपना रहा है, वही 1990 के दशक में दाऊद इब्राहिम के खास अबू सलेम का था। पहले दाऊद के नाम पर, फिर अपने नाम पर अबू सलेम फिल्मी सितारों को फोन पर धमकाता था। फायरिंग की आवाज सुनाकर एक्सटॉर्शन मनी मांगता था। वो कहता था- ‘अब अगली गोली तुम्हारे लिए चलेगी।‘ ‘5 दिन में 5 करोड़ नहीं मिले तो बाबा सिद्दीकी जैसा हाल होगा’
FIR के मुताबिक, शुभम ने बिजनेसमैन और फाइनेंसर सनी नाना वाघचौरे को धमकाने के लिए 25 जनवरी की शाम इंटरनेशनल नंबर से दो बार वॉट्सएप कॉल किया, लेकिन फोन नहीं उठा। इसके कुछ देर बाद उसने मैसेज किया, जिसमें लिखा था- Shubham Lonkar, Cl me (शुभम लोनकर, मुझे कॉल करो)। सनी ने कॉलबैक किया तो जवाब मिला- ‘शुभम लोनकर बोल रहा हूं, अगर नाम नहीं पता, तो गूगल पर सर्च कर लो, पता चल जाएगा। जब कॉल करूं, उठा लेना।’ इसके बाद फोन कट गया। अगले दिन 26 जनवरी की शाम दूसरे इंटरनेशनल नंबर से कॉल आया। ये कॉल भी सनी नाना ने नहीं उठाया। कुछ देर बाद मैसेज आया, जिसमें लिखा था- ‘5 करोड़ रुपए देने के लिए तैयार हो जाओ। 5 दिन में पैसा मिल जाए वरना बाबा सिद्दीकी जैसा हाल होगा।’ सनी ने अपने एडवोकेट आतिश लांडगे को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने पिंपरी चिंचवड़ पुलिस में मामले की शिकायत की। पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला कि कॉल और मैसेज VPN यानी वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क के जरिए किए गए थे। पुलिस ये भी पता लगा रही है कि आखिर कॉल करने वाला शुभम लोनकर ही था या कोई और। रोहित शेट्टी के घर 5 राउंड फायरिंग, पहले लगा पटाखे फूटे
रोहित शेट्टी 31 दिसंबर की रात करीब 10 बजे जुहू में अपने घर शेट्टी टावर पहुंचे। करीब 12:45 बजे परिवार के साथ 7वीं मंजिल पर थे। तभी पहली बार फायरिंग हुई। घर के बाहर दो प्राइवेट बॉडीगार्ड और दो पुलिसकर्मी तैनात थे। पहले लगा कि पटाखों की आवाज है, लेकिन दोबारा आवाज आने पर सीसीटीवी चेक किया गया, तो फायरिंग का पता चला। ब्लैक जैकेट और सफेद पैंट पहने एक युवक गेट के बाहर खड़ा दिखा। उसके हाथ में पिस्टल थी। फायरिंग के दौरान जिम के कांच पर भी एक गोली लगी। घटना के बाद युवक अपने साथी के साथ स्कूटर से फरार हो गया। शेट्टी फैमिली से मिली सूचना के बाद जुहू पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पुलिस को मौके से कारतूस के 5 खाली खोखे मिले हैं। वहीं आरोपी स्कूटर से ट्यूलिप स्टार होटल जंक्शन पहुंचे। वहां पुलिस की नाकाबंदी थी, इसलिए आरोपी यू-टर्न लेकर जुहू चर्च की तरफ चले गए। दोनों ने वहीं स्कूटर छोड़ दिया और ऑटो से भाग निकले। पुलिस ने जुहू चर्च से लावारिस स्कूटर बरामद कर ली है। स्कूटर की जांच हुई तो मालिक का पता चला। उन्होंने पूछताछ में बताया कि कुछ दिन पहले ही स्कूटर (MH12FN2205) आदित्य गायकवाड़ को 30 हजार रुपए में बेच दी थी। पुलिस ने अब तक कुल 4 आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है। हालांकि, शेट्टी टावर पर फायरिंग करने वाला शूटर अब भी फरार है। सभी आरोपी पुणे के रहने वाले, कोई स्टूडेंट तो कोई डिलिवरी बॉय
मुंबई पुलिस ने सबसे पहले आरोपी आदित्य ज्ञानेश्वर गायकवाड़ को पकड़ा। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि चारों आरोपियों के बैंक ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड से कई सबूत मिले हैं, जिससे चारों के आपस में जुड़े होने का पता चला। इन्होंने ही स्कूटर और हथियार का इंतजाम किया था। पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी पुणे के रहने वाले हैं। इनमें से आदित्य ने 30 हजार रुपए में स्कूटर खरीदकर शूटर को दिया था। आदित्य ऑनलाइन सामानों की डिलीवरी करता है। इससे पूछताछ के जरिए पुलिस स्वप्निल, समर्थ शिवशरण पोमानी और सिद्धार्थ दीपक येनपुरे तक पहुंची। मुंबई पुलिस में हमारे सोर्स ने बताया कि इन सभी चार आरोपियों में स्वप्निल बंदू बेरोजगार है। इस घटना को अंजाम देने के लिए वही सीधा शुभम लोनकर के कॉन्टैक्ट में था। वहीं बाकी दो आरोपी समर्थ शिवशरण पोमानी और सिद्धार्थ येनपुरे ने गैंग से जुड़ने के लिए स्कूटर और हथियार खरीदने में मदद की थी। पांचवां आरोपी अब भी फरार है। यही शूटर है। बताया जा रहा है कि ये कुछ हजार रुपए लेकर फायरिंग के लिए तैयार हो गया था। कोर्ट डॉक्यूमेंट में शुभम का नाम जोड़ा, लॉरेंस बिश्नोई का नाम नहीं
रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग के बाद शुभम लोनकर ने सोशल मीडिया पर हमले की जिम्मेदारी ली है। उसने लिखा- ‘सभी भाइयों, आज जो मुंबई में (शेट्टी टावर) फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी शुभम लोनकर, आरजू बिश्नोई, हरि बॉक्सर, हरमन संधू लेते हैं।’ ‘हमने इसे बहुत बार मैसेज किया कि हमारे काम में दखल न दे, लेकिन इसे समझ में नहीं आया। ये छोटा सा ट्रेलर दिया है। अगर इसने आगे हमारी बात नहीं मानी, तो अब घर के बाहर नहीं, अंदर इसके बेडरूम में गोली चलेगी, इसकी छाती पर।‘ इसी पोस्ट में आगे लिखा- ‘बॉलीवुड को चेतावनी है कि टाइम रहते सुधर जाओ, नहीं तो बुरा हाल होगा। तुम्हारा बाबा सिद्दीकी से भी बुरा हाल करेंगे। हमने जिन-जिन लोगों को फोन कर रखा है या तो टाइम रहते लाइन पर आ जाओ, वरना छिपने के लिए जगह कम पड़ जाएगी। जितने भी हमारे दुश्मन हैं, तैयार रहो, तुमसे जल्दी ही मुलाकात होगी। एक ही था, एक ही है और एक ही रहेगा, लॉरेंस बिश्नोई गैंग।‘
इस घटना को लेकर 1 फरवरी को पुलिस ने कोर्ट में रिमांड आवेदन किया था। उसमें बताया गया कि 31 जनवरी की देर रात जब फायरिंग हुई, तब पुलिस विभाग की तरफ से तैनात किए गए दो पुलिसकर्मी की ड्यूटी वहीं पर थी। एक पुलिसकर्मी का नाम आशीष राणे और दूसरे का सचिन राणे है। घटना के वक्त आशीष राणे शेट्टी टावर की सातवीं फ्लोर पर खाना खा रहे थे। दूसरा पुलिसकर्मी उस वक्त कहां था, इसका जिक्र कोर्ट डॉक्यूमेंट में नहीं है। वहीं प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड उस समय गार्ड लॉबी में सीसीटीवी कैमरे देख रहे थे। फौजी बनना चाहता था शुभम, अब मुंबई में दबदबा बनाने की चाहत
32 साल शुभम लोनकर महाराष्ट्र के अकोला जिले के अकोट का रहने वाला है। पहले भाई के साथ पुणे में डेयरी चलाता था। वो अपनी कद-काठी के चलते आर्मी में भर्ती होना चाहता था। 2018-19 में राजस्थान के जैसलमेर में उसने आर्मी भर्ती का एग्जाम भी दिया था, लेकिन फेल हो गया। इसके बाद शुभम, लॉरेंस गैंग के नेटवर्क से सोशल मीडिया के जरिए जुड़ गया। फिर सीधे उसकी अनमोल बिश्नोई से बात होने लगी। शुभम का नाम पहली बार बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में आया। इसी ने फेसबुक पोस्ट से हत्या की जिम्मेदारी ली थी। वो हत्याकांड में वांटेड भी है। आशंका है कि शुभम नेपाल के रास्ते विदेश भाग चुका है। अब अनमोल बिश्नोई की गिरफ्तारी और गोल्डी बराड़ के गैंग से अलग होने के बाद शुभम ही लॉरेंस गैंग की अहम कड़ी बन गया है। पिछली दो घटनाओं में शुभम लोनकर के साथ आरजू बिश्नोई का नाम भी आ रहा है। कुछ महीने पहले ही सिंगर बी प्राक को धमकी देने के मामले में पहली बार आरजू बिश्नोई का नाम सामने आया। अब रोहित शेट्टी के घर हुई फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पोस्ट पर शुभम लोनकर के साथ आरजू बिश्नोई का नाम आया है। हमारे सोर्स बताते हैं कि इस बात की संभावना ज्यादा है कि शुभम ने ही अपना नाम आरजू बिश्नोई भी रखा है। लॉरेंस के बाद कुख्यात नाम अनमोल बिश्नोई का था, लेकिन अब वो पुलिस की निगरानी में है।
………………..
ये खबर भी पढ़ें लॉरेंस और पाकिस्तानी डॉन शहजाद क्यों बने दुश्मन
पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी अपने गैंगस्टर टेरर मॉड्यूल के जरिए भारत के खिलाफ खतरनाक साजिश रच रहा है। ये वही शहजाद है, जो कभी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का सबसे करीबी दोस्त था। पहलगाम हमले के बाद लॉरेंस ने हाफिज सईद को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद से शहजाद भट्टी लॉरेंस बिश्नोई और उसकी गैंग का दुश्मन बन गया। पढ़िए पूरी खबर…
फिरौती मांगने का अबू सलेम स्टाइल, कौन है शुभम लोनकर:लॉरेंस का खास, रोहित शेट्टी के घर फायरिंग, फाइनेंसर से मांगे 5 करोड़
📅 Published: February 4, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
