सीतापुर रेलवे स्टेशन पर बम धमाके की झूठी सूचना देकर पुलिस प्रशासन को अलर्ट पर लाने वाले युवक को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मिर्देही टोला, शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी अमानतुल्लाह खां पुत्र जकाहउल्लाह के रूप में हुई है। आरोपी ने बुधवार को डायल 112 पर कॉल कर रेलवे स्टेशन पर धमाका होने की बात कही थी, जिसके बाद रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे स्टेशन की गहन तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जीआरपी निरीक्षक अरविंद पांडे ने बताया कि जांच के दौरान कॉलर की लोकेशन और मोबाइल नंबर की डिटेल खंगाली गई, जिससे पता चला कि सूचना देने वाला कोई और नहीं, बल्कि मिर्देही टोला निवासी अमानतुल्लाह खां ही है। पुलिस ने गुरुवार को उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने स्वीकार किया कि उसने मज़ाक के तौर पर यह कॉल की थी। पुलिस की मानें तो आरोपी पहले भी कई बार फर्जी सूचनाएं देकर पुलिस का समय और संसाधन बर्बाद कर चुका है। जीआरपी ने मामले को गंभीर मानते हुए आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। बताया गया कि आपातकालीन सेवाओं को भटकाने और रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। रेलवे सुरक्षा बल और पुलिस प्रशासन ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश पहले ही जारी कर चुका है। शुक्रवार को जीआरपी पुलिस ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी अमानतुल्लाह खां को जेल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की फर्जी सूचनाएं न केवल सुरक्षा एजेंसियों को गुमराह करती हैं, बल्कि अन्य वास्तविक आपात स्थितियों पर भी असर डालती हैं।
बम धमाके की फर्जी सूचना देने वाला युवक गिरफ्तार:रेलवे स्टेशन पर धमाके की दी थी सूचना, जीआरपी पुलिस ने की कार्रवाई
📅 Published: November 20, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
