बरहज नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्वेता जायसवाल को भ्रष्टाचार के आरोपों पर शासन ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के आदेश पर नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद ने यह नोटिस जारी किया। इस कार्रवाई से नगर पालिका प्रशासन में हलचल मच गई है। शासन ने जिलाधिकारी देवरिया को अध्यक्ष श्वेता जायसवाल को तत्काल नोटिस तामील कराने का निर्देश दिया है। नोटिस में कहा गया है कि अध्यक्ष को 15 दिनों के भीतर अपने ऊपर लगे आरोपों का लिखित जवाब शासन को प्रस्तुत करना होगा। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। जानकारी के अनुसार, बरहज नगर पालिका परिषद में विकास कार्यों, वित्तीय अनियमितताओं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों की जांच के बाद ही शासन ने मामले का संज्ञान लिया और यह कार्रवाई की। हालांकि, नोटिस में लगाए गए आरोपों का विस्तृत विवरण अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है। नगर पालिका अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी होने की खबर मिलते ही पालिका कार्यालय में चर्चाएं तेज हो गई हैं। कर्मचारी, सभासद और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच इस कार्रवाई को लेकर विभिन्न बातें हो रही हैं। कुछ इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ शासन की सख्ती मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे राजनीतिक दृष्टिकोण से भी जोड़कर देख रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, यदि अध्यक्ष का जवाब शासन को संतोषजनक नहीं लगा, तो उनके खिलाफ निलंबन या पद से हटाने जैसी कार्रवाई भी हो सकती है। नगर विकास विभाग इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।इस पूरे प्रकरण पर नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। शासन की इस कार्रवाई के बाद बरहज नगर पालिका में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल और बढ़ गई है।
बरहज पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल को नोटिस:भ्रष्टाचार आरोपों पर शासन ने मांगा जवाब, 15 दिन का दिया टाइम
📅 Published: January 25, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
