बरेली के बीसलपुर क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन ने ईको कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में कार चालक अंकित पाण्डेय की मौत हो गई, जबकि उनके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुँचाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना रविवार रात की है। लखीमपुर खीरी जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र के डीसी रोड निवासी 23 वर्षीय अंकित पाण्डेय पुत्र सत्यपाल अपने परिवार का भरण-पोषण ईको कार चलाकर करते थे। वह अपने दो दोस्तों के साथ बरेली में एक शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे। उनकी कार जब बीसलपुर क्षेत्र में दुआ पुल के पास पहुँची, तभी एक अज्ञात वाहन ने तेजी से आकर ईको कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंकित पाण्डेय और उनके दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुँची पुलिस ने तीनों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। अंकित पाण्डेय अपने भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में माँ किरण पाण्डेय, दो भाई और एक बहन हैं।
बरेली में एक कार ने ईको कार को टक्कर मारी:ड्राइवर की मौत, दो दोस्त गंभीर घायल
📅 Published: November 24, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
