बलरामपुर में कोतवाली नगर पुलिस ने अवैध गांजा बेचने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 1 किलोग्राम 168 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्टेशन रोड क्षेत्र में की गई। क्षेत्राधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि उपनिरीक्षक रमन कुमार वर्मा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि स्टेशन रोड के पास एक लकड़ी की गुमटी में बैठकर एक व्यक्ति अवैध गांजे की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रमेश जायसवाल पुत्र धनीराम बताया, जो ग्राम पहलवारा, थाना पयागपुर, जिला बहराइच का निवासी है। क्षेत्राधिकारी की मौजूदगी में गुमटी की तलाशी ली गई, जहां पन्नियों में पैक अवैध गांजा बरामद हुआ। इसमें सिल्वर पन्नी के 21 पैकेट और सफेद छोटी पन्नी के 213 पैकेट शामिल थे। बरामद गांजे का कुल वजन 1 किलो 168 ग्राम पाया गया। आरोपी रमेश जायसवाल कोई वैध लाइसेंस या कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने बताया कि वह नेपाल से गांजा लाकर बलरामपुर में बेचता था और इसी से अपने परिवार का खर्च चलाता था। पुलिस ने रमेश जायसवाल के खिलाफ थाना कोतवाली नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रमन कुमार वर्मा, हेड कांस्टेबल शिवपाल शर्मा, अरविंद कुमार जायसवाल और मुक्तेश्वर शामिल थे। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय एवं क्षेत्राधिकारी नगर ज्योतिश्री के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह के नेतृत्व में की गई।
बलरामपुर में अवैध गांजा तस्कर गिरफ्तार:पुलिस ने स्टेशन रोड से 1 किलो से अधिक गांजा बरामद किया
📅 Published: November 22, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
