भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, बलिया कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह पुनरीक्षण 01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर किया जा रहा है। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार ने की, जिसमें जनपद के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सुपरवाइजरों को जूम मीटिंग के माध्यम से स्पष्ट निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं से प्राप्त गणना फॉर्मों का बीएलओ के माध्यम से अधिकतम डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करना है, ताकि बलिया जिला उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनपदों में शामिल हो सके। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) को निर्देशित किया है कि वे स्वयं या अपने तहसीलदार के माध्यम से माननीय सांसद, विधान परिषद सदस्य और विधायकगण से गणना प्रपत्र प्राप्त करें। इन प्रपत्रों की तस्वीरें एसआईआर ग्रुप में भेजना भी अनिवार्य किया गया है। इसी क्रम में, सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सुपरवाइजरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, नगर पालिका/नगर पंचायत अध्यक्ष व पार्षद, ब्लॉक प्रमुख, प्रधान/पूर्व प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्यों को 20 नवंबर 2025 को गणना प्रपत्र वितरित करें और उनसे प्राप्त करें। कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए इन प्रपत्रों की तस्वीरें व्हाट्सएप ग्रुप ‘एसआईआर बलिया 2025’ में साझा करने को भी कहा गया है। बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी, बलिया अख्तर हसन भी उपस्थित रहे।
बलिया में SIR को लेकर बैठक:राजनीतिक दलों को डिजिटाइजेशन के लिए निर्देश मिले
📅 Published: November 20, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
