बस्ती के परशुरामपुर थाना प्रभारी 48 घंटे से लापता:अमहट घाट पर मिली मोटरसाइकिल; पत्नी ने कहा- 5 फरवरी को आखिरी बार पति से बात हुई

📅 Published: February 7, 2026 | 📂 Category: Uncategorized

बस्ती में परशुरामपुर थाना प्रभारी का कार्यभार संभाल रहे एसएसआई अजय कुमार गौड़ 48 घंटे से लापता हैं। उनका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पत्नी ने कहा- 5 फरवरी को आखिरी बार पति से बात हुई। इस घटना से पुलिस महकमे और आम जनता में चिंता बढ़ गई है। अब विस्तार से पूरा मामला जानिए… जानकारी के अनुसार, परशुरामपुर थाना अध्यक्ष विश्व मोहन राय के अवकाश पर जाने के बाद उपनिरीक्षक (SSI) अजय कुमार गौड़ को थाने का प्रभार सौंपा गया था। लेकिन नए प्रभारी अजय कुमार गौड़ किसी आवश्यक कार्य से बाहर निकले थे। लगभग 48 घंटे से ज्यादा का वक्त बीत जाने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका है। उनका निजी मोबाइल फोन और थाने का सीयूजी नंबर, दोनों ही बंद आ रहे हैं। अमहट घाट पर एक लावारिस मोटरसाइकिल मिली लापता होने के लगभग 24 घंटे बाद बस्ती जनपद के अमहट घाट पर एक लावारिस मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस इसे एसएसआई अजय कुमार गौड़ से संबंधित मान रही है। मोटरसाइकिल मिलने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और शनिवार सुबह से गोताखोरों द्वारा नदी में सघन तलाश अभियान चलाया जा रहा है। एसएसआई अजय कुमार गौड़ की पत्नी रंजीता ने कहा- 5 तारीख की शाम लगभग 3 बजे उनकी आखिरी बार अपने पति से बात हुई थी। इसके बाद 8 से 9 बजे के बीच उन्होंने दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद मिला। 6 तारीख की सुबह भी फोन बंद मिलने पर उन्होंने थाने के अन्य स्टाफ से संपर्क किया, जिसके बाद मामले की जानकारी सामने आई। रंजीता ने यह भी बताया कि अजय कुमार गौड़ को पूर्व में दुबौलिया थाने में तैनाती के दौरान एक नाबालिग बच्चे की मौत के मामले में धमकियां मिली थीं। उन्होंने इस बात की जानकारी पहले ही परिजनों को दे दी थी। उस समय उन्हें लाइन हाजिर भी किया गया था। पत्नी ने इस पहलू से भी मामले की जांच की मांग की है। महत्वपूर्ण तथ्य यह भी सामने आया है कि थाने में सफाई कर्मी के रूप में तैनात पंकज नामक युवक के साथ अजय कुमार गौड़ को थाने से निकलते समय आखिरी बार देखा गया था। पत्नी रंजीता ने इस बिंदु को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं और इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है। प्रारंभिक चर्चाओं में यह भी कहा जा रहा था कि पारिवारिक कलह के चलते वे स्वयं थाना छोड़कर चले गए हैं, लेकिन यह बात असत्य और निराधार बताई गई है। सीओ स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि अजय कुमार गौड़ की गुम होने का कोई कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। थाना क्षेत्र के साथ-साथ पूरे जनपद व गैर जनपद नात रिश्तो के घर पूछताछ की जा रही है, साथ ही परिजन को भी अवगत करा दिया गया है। परिजन के द्वारा भी कोई आशंका नहीं जताया गया है। फिलहाल हमारी टीम जांच पड़ताल में लगी हुई है। परशुरामपुर थाना अध्यक्ष विश्वमोहन राय ने कहा- सुबह जब मैंने अजय कुमार गौड़ को किसी कार्य के लिए फोन किया तो उनका नंबर बंद मिला। इसके बाद अन्य स्टाफ को सूचित किया गया और पता न चलने पर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। उन्होंने बताया अजय कुमार गौड़ मूल रूप से जनपद देवरिया के निवासी हैं ।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *