बागपत बार एसोसिएशन सख्त:वांछितों की गिरफ्तारी को लेकर एसपी को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई का आश्वासन

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

बागपत। वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला बार एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचा। अधिवक्ताओं ने थाना बागपत में दर्ज एक गंभीर मुकदमे में लंबित गिरफ्तारियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने जानकारी दी कि यह मुकदमा संगीन धाराओं के तहत दर्ज है। पुलिस ने अब तक केवल एक अभियुक्त सद्दाम को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, अन्य वांछित अभियुक्तों में पलवल जिले के खाईका हातिम गांव निवासी मुबारिक पुत्र सद्दीक मेव, सामुन पुत्र असरा और आसिफ पुत्र फरीद शामिल हैं। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि नामजद होने के बावजूद ये अभियुक्त कई दिनों से खुलेआम घूम रहे हैं। बागपत थाना पुलिस द्वारा लगातार आश्वासन दिए जाने के बावजूद इनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे वांछितों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। मुकदमे के वादी ने भी कई बार थाना बागपत में लिखित शिकायत देकर गिरफ्तारी की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अधिवक्ताओं ने बताया कि गिरफ्तारी में देरी से पीड़ित पक्ष में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है और न्यायिक प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है। जिला बार एसोसिएशन के सदस्यों ने एसपी से सभी वांछित अभियुक्तों को शीघ्र गिरफ्तार करने का आग्रह किया, ताकि कानून का भय स्थापित हो सके और पीड़ित पक्ष को न्याय मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अभियुक्तों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो अधिवक्ता समुदाय आंदोलन करने पर विवश हो सकता है। एसपी कार्यालय में मौजूद अधिकारियों ने अधिवक्ताओं की शिकायत को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की समीक्षा कर आवश्यक पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *