बागपत शहर में जल निगम के खिलाफ स्थानीय लोगों ने आज जमकर हंगामा किया। लोगों ने पानी की पाइपलाइन बिछाने और मरम्मत के काम में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल निगम के कर्मचारियों का काम रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों पर सड़कों को तोड़कर बिना मरम्मत छोड़े जाने और गंदगी फैलाने का आरोप लगाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निगम द्वारा शहर में पानी की पाइपलाइनों के नवीनीकरण, मरम्मत और नई पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। इन कार्यों के दौरान सड़कों को तोड़ दिया गया है, लेकिन उनकी मरम्मत नहीं की जा रही है। इससे पूरे इलाके में गंदगी फैल रही है और लोगों को आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों को कई बार शिकायत करने के बावजूद काम में तेजी नहीं लाई गई। लोगों को राहत देने के बजाय उन्हें और परेशानियों में डाला जा रहा है। उन्होंने घनश्याम दास मार्ग का उदाहरण देते हुए कहा कि यह सड़क आज भी बदहाल है और इस पर चलना मुश्किल हो गया है। आज होली चौक से शहर के मुख्य मार्ग पर जल निगम के कर्मचारियों द्वारा काम शुरू करते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने हंगामा करते हुए काम रुकवा दिया और अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सभी कार्य निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार किए जाएं और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
बागपत में जल निगम के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन:बोले-पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़कें तोड़ी, अब बनवा नहीं रहे हैं
📅 Published: November 23, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
