बिना मान्यता चल रहे गुरुकुल एकेडमी पर कार्रवाई:प्रबंधक आशीष गुप्ता के खिलाफ एफआईआर, 200 बच्चों का भविष्य दांव पर

📅 Published: November 20, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

संडीला क्षेत्र के मुसैला गांव में बिना मान्यता संचालित गुरुकुल एकेडमी के प्रबंधक आशीष कुमार गुप्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिक्षा विभाग ने जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की है। खंड शिक्षा अधिकारी संडीला ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली संडीला को प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पत्र भेजा था। जांच में सामने आया कि मोहल्ला गढ़ी निवासी आशीष गुप्ता बिना किसी वैध मान्यता के विद्यालय चला रहे थे। उन्होंने अभिभावकों को इसे मान्यता प्राप्त संस्थान बताकर करीब दो सौ बच्चों का नामांकन कर लिया था। स्कूल प्रबंधन द्वारा ड्रेस, किताबों व अन्य मदों में अभिभावकों से अवैध धनवसूली की जानकारी भी पुष्ट हुई। यह शिक्षा का अधिकार अधिनियम का खुला उल्लंघन पाया गया। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विद्यालय में नामांकित बच्चे किसी भी अन्य स्कूल में पंजीकृत नहीं पाए गए। इससे उनके भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ की पुष्टि हुई है। विभाग ने तत्काल विद्यालय को बंद कराने और प्रबंधक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस मामले में अरविंद कुमार गुप्ता और गंगाराम गुप्ता ने पूर्व में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर की गई जांच में आरोप सही पाए गए। एफआईआर दर्ज होने के बाद विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों का प्रवेश केवल मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ही कराएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *