काकादेव थानाक्षेत्र के पांडु नगर में बीच बाजार बीकॉम स्टूडेंट के साथ मारपीट करने वाले बीएससी छात्र समेत 7 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फायरिंग करने वाला युवक अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। युवक की तलाश में दो टीमें लगी हुई है। मंगलवार को दो वीडियो वायरल हुए, जिसमें 39 सेकेंड के वीडियो में आधा दर्जन से अधिक युवकों ने बीकॉम स्टूडेंट को एक के बाद एक 22 थप्पड़–घूसें जड़े थे। वहीं 8 मिनट 29 सेकेंड के सीसीटीवी फुटेज में फायरिंग करते हुए एक युवक कैद हुआ था। पहले देखिए 3 तस्वीरें… अब जानिए पूरा प्रकरण… गीता नगर निवासी बीकॉम छात्र अमन सोनकर ने बताया कि सोमवार रात करीब 8 बजे वह अपने दोस्तों के साथ पांडु नगर स्थित मानस मंच पार्क के पास चाय पीने के लिए गया था। तभी पार्क के पास ही स्थित गली में कुछ युवक शराब पी रहे थे। आरोप है कि नशे में धुत युवकों ने उनके साथ गाली–गलौज की, विरोध करने पर तमंचे से हवाई फायरिंग करते हुए दौड़ा लिया था। अमन ने बताया था कि जान बचाकर वह किसी पांडु नगर स्थित सिल्वर स्पून रेस्टोरेंट के पास पहुंचे ही थे, तभी पीछे से आए दबंगों ने उन्हें घेर लिया और उनकी जमकर पिटाई की थी। शोरगुल सुनकर रेस्टोरेंट कर्मचारी बाहर आए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले थे। इलाकाई लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। वीडियो वायरल होने के बाद काकादेव थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर पुरानी बस्ती काकादेव निवासी नजमी आलम, बीएससी की पढ़ाई हर्षित तिवारी, रानीगंज निवासी इंटीरियर डिजानइर विशाल यादव, जयप्रकाश नगर एम ब्लॉक निवासी कृष्णा पांडेय, काकादेव चंदेल चौराहा निवासी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करने वाले डेविड सिंह उर्फ लकी, मूलरूप से मुस्कुरा हमीरपुर व हालपता अशोक वाटिका केशवपुरम निवासी होटल लिटिल शेफ में गार्ड दीपक सिंह व एम ब्लॉक निवासी पेंटिंग का काम करने वाले आरूष को गिरफ्तार किया गया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में एक युवक तमंचे से फायरिंग करते हुए दिख रहा है, जिसकी पहचान केशवपुरम निवासी त्रिलोक के रूप में हुई है, आरोपी के घर दबिश दी गई थी, लेकिन वह फरार हो गया। आरोपी की तलाश में दो टीमें लगी है।
बीकॉम स्टूडेंट से मारपीट करने वाले 7 आरोपी अरेस्ट:फायरिंग करने वाला घर से भागा, गिरफ्तार आरोपियों में BSC छात्र भी शामिल
📅 Published: February 4, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
