भतीजों ने चाचा को पीट-पीटकर मार डाला:हरदोई में चचेरे भाई से प्रधानी रंजिश में वारदात, फर्जी वोटर जांच के दौरान विवाद

📅 Published: January 19, 2026 | 📂 Category: Uncategorized

हरदोई के हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव में प्रधानी चुनाव की रंजिश में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। रविवार को सगे भतीजों ने अपने चाचा अशोक सिंह उर्फ जंटर (52) को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। यह घटना फर्जी मतदाताओं की जांच के दौरान हुई। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं। विवाद की जड़ मतदाता सूची में धांधली की शिकायत थी। मृतक अशोक सिंह के पुत्र अरविंद सिंह, जो आगामी पंचायत चुनाव में दावेदारी कर रहे हैं, ने गांव की सूची में 142 फर्जी नाम होने की शिकायत की थी। इसी शिकायत की जांच के लिए रविवार को सवायजपुर तहसील के राजस्व निरीक्षक राजेश शुक्ला और लेखपाल श्यामवीर सोमवंशी जूनियर हाईस्कूल पहुंचे थे। जांच के दौरान ही वर्तमान प्रधान आरती सिंह के पति श्यामेंद्र सिंह अपने भाइयों रामेंद्र, भानू प्रताप, चचेरे भाई शिवम और पुत्र अभय प्रताप के साथ वहां पहुंच गए। उन्होंने अरविंद सिंह पर हमला कर दिया। जब अरविंद सिंह अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत दर्ज कराने कोतवाली गए, उसी दौरान आरोपियों ने उनके घर पर अकेले बैठे पिता अशोक सिंह पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उन्हें लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा और गला व मुंह दबा दिया, जिससे वे मरणासन्न हो गए। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अर्जुनपुर गांव की राजनीति में पिछले 30 सालों से इसी परिवार का वर्चस्व रहा है। वर्ष 1995 से लेकर अब तक परिवार की मां, भाभी और फिर भतीजे की पत्नी प्रधानी की कुर्सी पर काबिज रही हैं। लेकिन आगामी चुनाव में जब अशोक सिंह के बेटे अरविंद ने दावेदारी ठोकी और फर्जी वोटों का खुलासा करना शुरू किया, तो परिवार में सालों की एकजुटता दुश्मनी में बदल गई। इस मामले पर एएसपी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *