महोबा जनपद में पनवाड़ी थाना क्षेत्र के बहादुरपुर कला गांव में खेत की सिंचाई करते समय एक किसान की सर्पदंश से मौत हो गई। परिजन उसे बेसुध अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, बहादुरपुर कला निवासी 42 वर्षीय किसान राजेश पुत्र सूरज प्रसाद आज सुबह करीब 7 बजे अपने खेतों की सिंचाई के लिए घर से निकले थे। लगभग दो घंटे बाद, जब परिजनों ने राजेश से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया और संपर्क नहीं हो पाया, तो वे खेत पर पहुंचे। वहां उन्होंने राजेश को जमीन पर बेसुध पड़ा पाया। परिजनों ने तुरंत राजेश को सीएचसी पहुंचाया। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर गिरजा प्रसाद ने जांच के बाद राजेश को मृत घोषित कर दिया और बताया कि उन्हें मृत अवस्था में ही लाया गया था। बैंदो चौकी इंचार्ज डीके यादव ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। मृतक राजेश अपने पीछे पत्नी जयंती, 19 वर्षीय अविवाहित बेटी नेहा और 17 वर्षीय बेटे निहाल को छोड़ गए हैं। किसान की मौत से परिजन सदमे में हैं
महोबा में किसान की सर्पदंश से मौत:बहादुरपुर कला में खेत पर हुआ हादसा
📅 Published: November 23, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
