महोबा में मिले अज्ञात शव की हुई पहचान:हमीरपुर का किशोर 3 फरवरी से था लापता, पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा

📅 Published: February 10, 2026 | 📂 Category: Uncategorized

महोबा के कबरई थाना क्षेत्र में मिले अज्ञात किशोर के शव की पहचान हो गई है। मृतक की शिनाख्त हमीरपुर जिले के राठ कस्बा निवासी 15 वर्षीय शंभू श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जो बीते 3 फरवरी से लापता था। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। सोमवार शाम सागर-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुगौरा चौकी के पास एक पुलिया के नीचे पानी से भरे गड्ढे में एक किशोर का शव तैरता हुआ मिला था। सूचना पर कबरई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया। पुलिस द्वारा शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे थे। मंगलवार को मृतक की पहचान हमीरपुर जिले के राठ निवासी शंभू श्रीवास्तव पुत्र सुशील श्रीवास्तव के रूप में हुई। परिजन महोबा पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान की। परिजनों ने बताया कि शंभू मानसिक रूप से कुछ कमजोर था और 3 फरवरी को घर से अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद राठ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। परिजनों का अनुमान है कि शंभू भटकते हुए महोबा की सीमा में आ गया होगा। उन्होंने किसी भी प्रकार की आपराधिक आशंका या आरोप नहीं लगाए हैं। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *