माघ मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को लेकर सख्ती:चार पहिया वाहनों का प्रवेश रोका गया, नयाघाट से श्रीराम अस्पताल तक लगी बेरिकेडिंग

📅 Published: January 18, 2026 | 📂 Category: Uncategorized

अयोध्या धाम में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर कड़े इंतजाम शुरू कर दिए हैं। अयोध्या धाम में चार पहिया वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया है। नयाघाट लता मंगेशकर चौक से लेकर श्रीराम अस्पताल चौराहे तक बने स्थायी डिवाइडर के बगल लोहे की बेरिकेडिंग लगा दी गई है। फिलहाल कुछ कट चौराहों और तिराहों पर खुले रखे गए हैं, लेकिन भीड़ बढ़ने की स्थिति में इन्हें भी तत्काल प्रभाव से बंद किए जाने की तैयारी है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, हालात बिगड़ने पर जनवरी 2025 जैसी व्यवस्था फिर लागू की जा सकती है, जिसमें एक तरफ से राम मंदिर की ओर प्रवेश और दूसरी ओर नयाघाट की ओर निकास की व्यवस्था रहेगी। ऐसी स्थिति में अयोध्याधाम के स्थानीय नागरिकों का इधर-उधर आवागमन भी प्रतिबंधित किए जाने की संभावना है। बताया जा रहा है कि आज रात से श्रद्धालुओं की संख्या में तेज बढ़ोतरी हो सकती है, जो बसंत पंचमी तक बनी रह सकती है। इससे अयोध्या शहर में रहने वाले लोगों के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों में पढ़ने वाले छोटे बच्चों और इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों की परेशानियां बढ़ने की आशंका है। यदि स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन रामपथ पर प्रतिबंधित किए गए तो उनकी पढ़ाई और परीक्षाएं प्रभावित होना तय माना जा रहा है।
इस स्थिति को लेकर चिंतित अभिभावकों ने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाक्टर गौरव ग्रोवर से मांग की है कि या तो छोटे बच्चों को लाने-ले जाने वाले स्कूली वाहनों को मेला क्षेत्र में न रोका जाए, अथवा भीड़ की संभावना को देखते हुए विद्यालयों को अस्थायी रूप से बंद किया जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *