मुख्यमंत्री ने लखनऊ के गोमती नगर से सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत 2 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में लगभग 2000 करोड़ रुपये की अनुदान राशि सीधे अंतरित की। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जौनपुर कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में भी देखा गया। जनपद जौनपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत कुल 3069 आवास स्वीकृत किए गए हैं। आज इन लाभार्थियों के खातों में प्रथम किस्त की धनराशि भेजी गई, साथ ही स्वीकृत आवासों के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इस अवसर पर जौनपुर में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश गिरीश चंद्र यादव, चेयरमैन जफराबाद सरफराज, गौराबादशाहपुर सीतामनी सोनकर, कजगांव फिरोज अहमद खान, जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व अजय अम्बष्ट सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे। राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने इस दौरान कहा कि शासन का प्रयास है कि सभी के पास अपना खुद का पक्का मकान हो, जिसके लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने लाभार्थियों से अपने पक्के आवास के सपने को साकार करने की शुरुआत करने का आह्वान किया। मंत्री ने यह भी दोहराया कि शासन का लक्ष्य है कि सभी पात्र गरीब व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिले और कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे। डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना का उद्देश्य सभी वंचित और पात्र लोगों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है। उन्होंने लाभार्थियों से प्राप्त प्रथम किस्त का उपयोग भवन निर्माण में करने और अपने सपनों का आशियाना बनाने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जनपद के नगरीय क्षेत्र में अब तक इस योजना के तहत 22,000 से अधिक आवास बनवाए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने 2 लाख लाभार्थियों को दिए 2000 करोड़ रुपये:प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 की पहली किस्त जारी
📅 Published: January 18, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
