मुलायम सिंह यादव की जयंती मनाई गई:सपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों ने किया याद

📅 Published: November 22, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पार्टी के जिला कार्यालय में मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शराफत अली ने बताया कि मुलायम सिंह यादव को आमजन ‘नेताजी’ के नाम से जानते थे। उनका जीवन सादगी, संघर्ष और जनसेवा का प्रतीक था। उन्होंने डॉ. राममनोहर लोहिया के मार्गदर्शन में राजनीति शुरू की और जनता की आवाज को सड़क से संसद तक मजबूती से रखा। शराफत अली ने आगे कहा कि वर्ष 1992 में उन्होंने देशभर के समाजवादियों को एकजुट कर समाजवादी पार्टी का गठन किया। उन्होंने चार बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री के रूप में देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। पूर्व विधायक राजेश्वरी देवी ने नेताजी के योगदानों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने चुंगी समाप्त कर आम जनता को बड़ी राहत दी। साथ ही, सरकारी अस्पतालों में एक रुपये का पर्चा लागू कर गरीबों के लिए इलाज सुलभ बनाया। वहीं, पूर्व प्रत्याशी बृजेश वर्मा ‘टिल्लू’ ने बताया कि मुलायम सिंह यादव का नारा ‘रोजी-रोटी सस्ती हो, दवा-पढ़ाई मुफ्त हो’ आम जनता में बेहद लोकप्रिय हुआ। उनके कार्यकाल में ही देश के शहीदों के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक उनके पैतृक स्थान तक भेजने की व्यवस्था शुरू की गई थी। बृजेश वर्मा ने यह भी बताया कि नेताजी ने पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों को राजनीतिक आरक्षण देकर पंचायत से लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष तक उनका प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया। वे युवाओं में भी अत्यंत लोकप्रिय थे। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष अजय सिंह पाल, राहुल गुप्ता, फूलचंद वर्मा, अमित बाजपेई, धर्मवीर यादव, रहमत अली, मोनू, सुशील हंस, अग्निकांत बाजपेई, मोतीलाल यादव, प्रदीप राजवंशी, पियूष राजवंशी, मनोज शुक्ला सहित फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *