मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। अब्दुल्लापुर निवासी असद रज़ा जैदी ने पुलिस कप्तान को एक प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि एक प्रॉपर्टी गैंग उनके परिवार को खत्म करने की साजिश रच रहा है। असद रज़ा के अनुसार, पिछले कई वर्षों से उन पर और उनके पिता मोहम्मद शाकिर पर लगातार झूठे मुकदमे, साजिशें और जानलेवा दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कोतवाली निवासी प्रॉपर्टी डीलर हाजी अकबर, उसके भाई हाजी इसरार और उनके साथियों हसन बहादुर, गौहर अब्बास, दिलशाद, जमालउद्दीन, शाहरुद्दीन पर पुश्तैनी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया है। असद ने बताया कि 20 नवंबर को हाजी अकबर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उनके पिता को एक पुराने मामले में मुख्य आरोपी बताया। असद का आरोप है कि यह उनके पूरे परिवार को अपराधी के रूप में पेश करने की जानबूझकर की गई कोशिश थी, जबकि सच्चाई इसके विपरीत है। पीड़ित परिवार के मुताबिक, यह विवाद 2011 से चल रहा है और वे कई बार शिकायतें दर्ज करा चुके हैं। असद रज़ा का आरोप है कि विपक्षी उन्हें समझौता करने के लिए धमका रहे हैं और परिणाम भुगतने की चेतावनी दे रहे हैं। पिछले कुछ महीनों से दबाव इतना बढ़ गया है कि परिवार के सदस्य घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस करते हैं। असद रज़ा जैदी ने पुलिस कप्तान से अपने शिकायती पत्र की निष्पक्ष जांच और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रॉपर्टी माफिया उन्हें किसी भी कीमत पर चुप कराना चाहते हैं और उन्हें कभी भी हमले का डर है।
मेरठ में प्रॉपर्टी विवाद, परिवार पर हमले की साजिश का:पीड़ित ने कप्तान को दी शिकायत, जान का खतरा बताया
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
