मेरठ में एक किसान ने आईएएस अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी के पैर पकड़कर न्याय की गुहार लगाई। किसान का आरोप था कि जमीन विवाद में एसडीएम द्वारा स्थलीय निरीक्षण के बाद दूसरे पक्ष ने उसे धमकी दी है। किसान ने बताया कि दूसरे पक्ष ने उससे कहा, ‘तेरा इलाज कर दूंगा, अधिकारियों से ज्यादा सिफारिश और शिकायत ना कर।’ यह घटना बीते मंगलवार शाम की है, जब जमीन बंटवारे में कुर्रे बंदी की रिपोर्ट को लेकर किसान ने एसडीएम सदर कोर्ट के बाहर हंगामा किया था। किसान ने आईएएस अधिकारी दीक्षा जोशी के पैर पकड़कर इंसाफ के लिए गुहार लगाई। अधिकारी ने किसान को पानी पिलाया और उसकी समस्या सुनी, लेकिन किसान तत्काल न्याय की मांग पर अड़ा रहा। इसके बाद एडीएम सिटी बृजेश सिंह मौके पर पहुंचे और किसान को समझाने का प्रयास किया। इस पर किसान ने कहा कि ‘मेरा नया पता अब शमशान घाट होगा, क्योंकि मुझे प्रशासनिक अधिकारियों से न्याय नहीं मिल रहा है।’ कई घंटे चले हंगामे के बाद किसान ने अपनी पीड़ा एडीएम एफआर को बताई। ग्राम कालीना, थाना सरूरपुर निवासी राजीव ने बताया कि उनके पिता रविंद्र सिंह का सत्येंद्र सिंह से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। वर्ष 2020 में उनके पिता ने एक वाद दायर किया था, जिसमें तत्कालीन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संदीप भागिया ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया था। हालांकि, प्रतिवादी ने अपर आयुक्त की कोर्ट में अपील कर उस फैसले को निरस्त करा दिया। वर्तमान में यह मामला एसडीएम सदर डॉ. दीक्षा जोशी की कोर्ट में विचाराधीन है। कोर्ट द्वारा संबंधित लेखपाल सुरेंद्र को जमीन के कुर्रे की रिपोर्ट पेश करनी थी। किसान का आरोप है कि लेखपाल ने इस रिपोर्ट के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। उन्होंने इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जब लेखपाल द्वारा कोर्ट में रिपोर्ट सबमिट की गई, तभी किसान ने हंगामा करना शुरू कर दिया।
मेरठ में SDM के पैर पकड़ने का मामला:जमीन विवाद में दबंगों ने किसान को दी थी धमकी, बोले- तेरा नया पता शमशान होगा
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
