मैनपुरी के नगला परसाद में तालाब पर अवैध कब्जा:ग्रामीणों ने डीएम से अतिक्रमण हटाने और कार्रवाई की मांग की

📅 Published: November 24, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

मैनपुरी के एलाऊ क्षेत्र के नगला परसाद गांव में सार्वजनिक तालाबों पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। गांव के दो गाटा संख्या- 698 (रकबा 0.172 हेक्टेयर) और 699 (रकबा 0.120 हेक्टेयर) जो सार्वजनिक तालाब के रूप में दर्ज हैं। उन पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। ग्रामीणों के अनुसार, इन तालाबों में बरसात का पानी और गांव की नालियों का निकास होता था। अतिक्रमणकारियों ने इस भूमि पर कब्जा कर पानी के प्राकृतिक प्रवाह को बाधित कर दिया है, जिससे गांव में बड़े पैमाने पर जलभराव का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने बताया कि कब्जे की शुरुआत होते ही उन्होंने संबंधित लोगों को रोकने का प्रयास किया और तत्काल लेखपाल व स्थानीय प्रशासन से शिकायत भी की। हालांकि, कब्जा करने वाले नहीं माने और अतिक्रमण जारी रहा। तालाब के रास्ते बंद होने से बारिश के दौरान पानी भरने से बीमारियों का खतरा बढ़ने और पूरे गांव के जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। ग्रामवासियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मौके पर राजस्व टीम भेजकर जांच कराई जाए और तालाबों पर हुए अतिक्रमण को तत्काल हटवाया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब गांव की एक बुनियादी आवश्यकता है और उस पर कब्जा होना पूरे क्षेत्र की सुरक्षा, स्वच्छता और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने जिलाधिकारी से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई है ताकि तालाब की मूल स्थिति बहाल हो सके और गांव संभावित जलभराव व बीमारियों से बच सके।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *