मैनपुरी में काम पर जा रहे व्यक्ति से मारपीट:दो युवकों ने खेतों में घसीटकर पीटा, एक आरोपी गिरफ्तार

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

करहल थाना क्षेत्र के ग्राम दोस्तपुर में शुक्रवार सुबह मजदूरी पर जा रहे एक व्यक्ति के साथ मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़ित की पत्नी कविता कठेरिया ने इस संबंध में क्षेत्राधिकारी करहल को प्रार्थना पत्र देकर दो युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कविता के अनुसार, उनके पति सुबह करीब 9 बजे मजदूरी पर जा रहे थे। नांगला दिक्का के पास रिंकू यादव और शिवराम यादव ने उन्हें रोक लिया और कथित तौर पर जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गए। इसी बीच वहां से गुजर रहे पीड़िता के भाई पिंटू कठेरिया ने घटना को देखकर तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति समझने का प्रयास किया। आरोप है कि दोनों युवकों ने मजदूर की लात-घूंसों और थप्पड़ों से पिटाई की और जातिसूचक गालियां भी दीं। जब पिंटू ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे और उसके बहनोई दोनों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। कविता ने बताया कि आरोपी लगातार धमकाते हुए कह रहे थे—“आज देखते हैं कैसे बचकर जाएगा।” घटना की सूचना मिलते ही कविता ने डायल 112 पर कॉल किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित को सुरक्षित बाहर निकाला और आरोपी रिंकू यादव को गिरफ्तार कर थाने ले आई, जबकि दूसरा आरोपी शिवराम यादव फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी उनके पति को जान से मारने की धमकी दे चुके हैं। इस बार मारपीट के साथ जातिसूचक अपमान कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई है। ग्राम दोस्तपुर में घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटनाओं से गांव में तनाव का माहौल बनता है। पुलिस ने बताया कि प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *