मैनपुरी में बच्चे के शौच को लेकर महिला को पीटा:पहले सफाई कराई, फिर लाठी-डंडों से मारपीट की ; इलाज जारी

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

मैनपुरी के परौख गांव में बच्चे के शौच करने को लेकर एक महिला को बेरहमी से पीटा गया। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने पहले महिला से बच्चे का शौच साफ करवाया और फिर लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है और उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के परौख गांव की है। गांव की निवासी वर्षा देवी का चार वर्षीय बच्चा पड़ोस के दरवाजे पर खेल रहा था। इसी दौरान उसे दस्त हो गए और उसने वहीं शौच कर दिया। इसके बाद बच्चे की मां वर्षा देवी को बुलाया गया और उनसे शौच साफ करवाया गया तथा पानी भी डलवाया गया। सफाई के बावजूद, परिवार के आधा दर्जन से अधिक लोगों ने वर्षा देवी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में वर्षा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल वर्षा देवी का फिलहाल एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि उन्होंने कोतवाली में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वर्षा देवी ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मारपीट की सूचना पर प्राथमिक जानकारी प्राप्त हुई है। महिला वर्षा देवी द्वारा थाने में एक शिकायती पत्र दिया गया है, जिसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *