मैनपुरी में बैंक चोरी में दंपती गिरफ्तार:कर्ज में डूबे मुन्ना की ‘गैस कटर प्लानिंग’ का खुलासा, गैस कटर, हथौड़ा और सिलेंडर बरामद

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

मैनपुरी के कुरावली कस्बे में स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में चोरी के प्रयास का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पटाक्षेप कर दिया। एसओजी टीम, सर्विलांस यूनिट और थाना कुरावली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस सनसनीखेज मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी मुन्ना उर्फ मुजफ्फर और उसकी पत्नी शामिल हैं, जबकि तीसरा आरोपी सोनू अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। घटना 17/18 नवंबर की रात की है। चोर बैंक के पीछे लगे जंगले को काटकर अंदर घुसे थे। वे सीधे स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचे और ताले को तोड़ दिया। चोरों ने कैश लॉकर की पहली लेयर काटने में कामयाबी हासिल कर ली थी, लेकिन दूसरी लेयर खोलने से पहले ही घबराकर मौके से भाग निकले। भागते समय आरोपी बैंक का सीसीटीवी डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे, ताकि पहचान छिपी रहे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गैस कटर, हथौड़ा, छैनी और छोटा सिलेंडर बरामद, आरोपी के पास से तमंचा भी बरामद किया है। मुख्य आरोपी मुन्ना के पास से 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी मिले, जिससे साफ है कि चोरी की योजना पहले से सोची-समझी थी। पत्नी और साले संग कई दिनों तक की थी रेकी पुलिस पूछताछ में मुन्ना उर्फ मुजफ्फर ने बताया कि वह भारी कर्ज में डूबा हुआ था। उसी के कारण उसने अपनी पत्नी और साले सोनू के साथ मिलकर बैंक चोरी की योजना बनाई। वारदात से पहले आरोपी तीनों कई दिनों तक बैंक की रेकी कर रहे थे। पहले दिन उन्होंने छैनी और हथौड़े से जंगला काटने की कोशिश की, लेकिन आवाज तेज होने पर भाग निकले।अगले दिन गैस कटर से काटकर मुन्ना बैंक के अंदर घुस गया, जबकि पत्नी और सोनू बाहर ही मौजूद थे। एसपी ने घोषित किया था इनाम इस सफल खुलासे का श्रेय थाना प्रभारी ललित भाटी के नेतृत्व में काम कर रही टीम को दिया जा रहा है।पुलिस अधीक्षक मैनपुरी ने टीम की सराहना करते हुए 10 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा भी की है।गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है, जबकि फरार आरोपी सोनू की तलाश जारी है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *