फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के जिराऊ गांव में 40 वर्षीय विनय कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक विनय कुमार अरविंद कुमार के पुत्र थे। उनके भाई अंकित ने बताया कि विनय पिछले तीन-चार दिनों से बुखार से पीड़ित थे और उनका इलाज एक निजी डॉक्टर से चल रहा था। उनकी पत्नी अपने मायके गई हुई। विनय अपने कमरे में लेटे हुए थे। उनकी 13 वर्षीय पुत्री तनु और पुत्र देव व सिद्धि स्कूल गए थे। स्कूल से लौटने पर बच्चों ने अपने पिता को चारपाई पर लेटा देखा। पुकारने पर कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर बच्चों ने अन्य परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजनों ने तत्काल विनय को एक निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. विपिन सिंह ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉ. सिंह ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को मेमो भेजकर दी। इस संबंध में एसएसआई एस.के. सिंह ने बताया कि उन्हें युवक की मौत की सूचना मिली थी। हालांकि, तब तक परिजन शव को अस्पताल से घर ले जा चुके थे। पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल की। परिजनों ने युवक का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया है। पुलिस द्वारा पंचनामा भरकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
युवक की संदिग्ध मौत, परिजन का पोस्टमार्टम से इनकार:कायमगंज में अधेड़ का शव मिला, पुलिस जांच जारी
📅 Published: November 23, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
