युवक की संदिग्ध मौत, प्रेमिका ने खाया जहर:सोनभद्र के गुरमुरा में लिव-इन पार्टनर की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती

📅 Published: November 24, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र के गुरमुरा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही प्रेमिका ने भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। युवती को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, गुरमुरा निवासी रामचंद्र गोंड के घर पर सोमवार भोर लगभग चार बजे सुनील कुमार पुत्र बीर शाह, निवासी रजखड़ दुद्धी का शव मिला। परिजनों ने बताया कि युवक ने घर के बडेर में फांसी लगाकर आत्महत्या की है। मृतक के साथ रह रही प्रेमिका सुनीता कुमारी पुत्री रामचंद्र गोंड, निवासी गुरमुरा ने भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था। सुबह करीब छह बजे उसकी तबियत बिगड़ने पर परिजनों को जानकारी हुई। तत्काल 108 नंबर एम्बुलेंस से सुनीता को चोपन अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि सुनील और सुनीता पिछले एक वर्ष से लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रह रहे थे। रविवार शाम लगभग छह बजे दोनों दुद्धी से गुरमुरा स्थित घर लौटे थे। इसके बाद क्या हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। युवक के परिजन घटना स्थल पर पहुंच गए और आपसी सुलह-समझौता कर शव को दुद्धी ले जाने की बात कर रहे थे। समाचार लिखे जाने तक दोनों परिवारों में से किसी ने भी इस मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी थी। हालांकि, चोपन थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जानकारी के लिए पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *