आगरा के प्रमुख चौराहों में से एक राजामंडी चौराहा के किनारे किसी ने सोमवार दोपहर को कूड़े में आग लगा दी। इससे एमजी रोड पर काला धुआं छा गया। लगभग आधा घंटे के लिए धुआं ही धुआं हो गया। इससे लोगों को निकलना मुश्किल हो गया। दुकानदारों को काफी परेशानी हुई। लगभग एक घंटे तक कूड़े में आग सुलगती रही।
तापमान कम होने के साथ ही प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। ऐसे में कूड़े जलाना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। इसके बावजूद लोग कूड़ा जलाने से बाज नहीं आ रहे। सोमवार दोपहर को राजामंडी चौराहा स्थित सड़क किनारे लगे कूड़े के ढेर में किसी ने आग लगा दी। इससे सड़क पर धुआं ही धुआं हो गया। यहां से गुजर रहे लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया। इस बीच किसी ने आग बुझाने का भी प्रयास नहीं किया। न ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्रीय निवासी शिवम सोनी का कहना है कि उक्त स्थान पर अक्सर कूड़े का ढेर लगा रहता है, जिसमें कोई आग लगा देता है। नगर निगम ने यहां अब तक कार्रवाई नहीं की है। पिछले दिनों लगाया था 25 हजार का जुर्माना वहीं, दूसरी ओर नगर निगम ने पिछले दिनों एक व्यक्ति पर घर का कूड़ा जलाने पर कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। शास्त्री नगर में दिलीप सिंह (मैसर्स डयूजोन) अपने पुराने और बंद पड़े मकान की सफाई करा रहे थे। सफाई में निकले कूड़े-कचरे को उन्होंने घर के ठीक सामने ही जलाना शुरू कर दिया।
आसपास के लोगों ने नगर निगम को इसकी सूचना दी, जिसके बाद क्षेत्रीय एसएफआई संजीव यादव मौके पर पहुंचे और कूड़ा जलाने की वजह से हो रहे वायु प्रदूषण पर एनजीटी के नियमों का हवाला देते हुए दिलीप सिंह पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया था।
राजामंडी चौराहा पर छाया काला धुआं, कूड़े में लगी आग:लोगों का निकलना हुआ मुश्किल, छाई धुएं की चादर, एक घंटे तक सुलगा कूड़ा
📅 Published: November 24, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
