रामपुर में घना कोहरा, ठंड बढ़ी, रफ्तार पर ब्रेक:जनजीवन प्रभावित, हाईवे पर धीमी रफ्तार; ट्रेनें भी देरी से चल रही

📅 Published: February 10, 2026 | 📂 Category: Uncategorized

रामपुर में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। सुबह से छाए घने कोहरे ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी हुई है, जबकि बढ़ती ठंड से मजदूर और राहगीर ठिठुरते नजर आ रहे हैं। कोहरे का असर रेल यातायात पर भी दिख रहा है, कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। मंगलवार सुबह से जिले भर में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। ठंड में भी इजाफा दर्ज किया गया। तापमान की बात करें तो रविवार और सोमवार दोनों दिन न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। घने कोहरे का सबसे अधिक असर यातायात व्यवस्था पर देखने को मिला। दिल्ली-लखनऊ हाईवे 24 और दिल्ली-नैनीताल हाईवे 87 पर आमतौर पर तेज रफ्तार से दौड़ने वाले वाहन धीमी गति से चलते दिखे। वाहन चालकों ने बताया कि सुबह से ही कोहरा छाया होने के कारण गाड़ी चलाने में काफी दिक्कत हो रही है।
शाहबाद से रामपुर आ रहे कार चालक रंजीत ने बताया कि आज कोहरा बेहद घना है, जिसकी वजह से सामने का कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा और उन्हें बेहद सावधानी से वाहन चलाना पड़ रहा है। ठंड और कोहरे का असर मजदूरों पर भी स्पष्ट दिखाई दिया। मजदूरी के लिए घर से निकले बुजुर्ग रामचंद्र ने बताया कि उनके हाथ-पैर बुरी तरह ठिठुर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ठंड और कोहरा दोनों अधिक हैं, लेकिन मजबूरी में काम पर जाना ही पड़ता है। सुबह-सुबह काम पर निकलने वाले मजदूर और राहगीर ठंड से परेशान दिखे। वहीं, कोहरे के कारण रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। कुछ ट्रेनें अपने निर्धारित समय से आधा से एक घंटा देरी से चल रही हैं।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *