उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के असोथर थाना क्षेत्र के बुधरामऊ गांव में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में गंभीर विवाद हो गया। इस दौरान 65 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला पर ईंट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। ईंट से हमला करते हुए वीडियो भी सामने आया है। वही बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बहू के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। बुधरमऊ गांव निवासी अनसुइया देवी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि 17 नवंबर को उनका नाती स्कूल से घर लौट रहा था और बगल के खाली प्लाट से होकर गुजरा। इसी बात पर पड़ोसी ने बच्चे को गालियां दीं। जब अनसुइया देवी ने इसका विरोध किया, तो आरोपी और उसकी पत्नी ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। आरोपी ने धमकी दी कि अब जो भी इस जमीन से निकलेगा, उसे यहीं मारकर गाड़ देगा। पीड़िता ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 8 बजे आरोपी दो अन्य लोगों के साथ उनके घर के बाहर फिर से गाली-गलौज करने लगे। जब उन्होंने रोकने का प्रयास किया, तो एक आरोपी ने ईंट मारकर उनकी पीठ पर वार किया, जिससे वे घायल हो गईं। शोर सुनकर बीच-बचाव करने आई उनकी बहू पुष्पा को भी आरोपियों ने बाल पकड़कर घसीटा और मारपीट की। अनसुइया देवी का कहना है कि आरोपी लगातार उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं, जिससे उनका पूरा परिवार दहशत में है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
रास्ते के विवाद में बुजुर्ग महिला पर ईंट से वार:बहू से भी मारपीट, SP से लगाई न्याय की गुहार
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
