रिश्वतखोरी में जिला समन्वयकों पर कार्रवाई नहीं:बीएसए पर कार्रवाई के बाद, जिला समन्वयकों कार्रवाई की मांग

📅 Published: November 24, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

गोंडा का शिक्षा विभाग इन दिनों रिश्वतखोरी के एक मामले को लेकर सुर्खियों में है। इस प्रकरण में पहले ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) अतुल कुमार तिवारी को शासन द्वारा निलंबित कर दिया गया है। हालांकि मामले में शामिल दो जिला समन्वयकों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई न होने से शिक्षा विभाग पर सवाल उठ रहे हैं। शिकायतकर्ता मनोज कुमार पांडे ने इन दोनों जिला समन्वयकों के खिलाफ भी तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि अतुल कुमार तिवारी ने इन्हीं दोनों समन्वयकों के माध्यम से रिश्वत ली थी। पांडे ने सरकार से उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई करने की अपील की है। मनोज कुमार पांडे के अनुसार, स्कूलों में फर्नीचर सप्लाई के नाम पर जिला समन्वयक निर्माण विद्याभूषण मिश्रा और जिला समन्वयक जेम पोर्टल प्रेम शंकर मिश्रा ने चार-चार लाख रुपये की रिश्वत ली थी। वहीं निलंबित BSA अतुल कुमार तिवारी पर 22 लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। शिकायतकर्ता का दावा है कि रिश्वत देने के बावजूद उनकी फर्म को काम नहीं दिया गया, बल्कि उसे ब्लैकलिस्ट कर नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करा दिया गया। एंटी करप्शन कोर्ट गोरखपुर के आदेश पर दोनों जिला समन्वयकों के खिलाफ गोंडा के नगर कोतवाली में भ्रष्टाचार सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके बावजूद, इन पर अभी तक कोई विभागीय कार्रवाई नहीं हुई है। इस संबंध में गोंडा के प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. रामचंद्र ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। साथ ही, विभागीय जांच भी जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। शासन द्वारा भी इस पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच में पूरा सहयोग दिया जा रहा है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *