रेडीमेड दुकान पर मारपीट, लूट का प्रयास:स्वेटर बदलने के बहाने आए युवक को दुकानदारों ने दबोचा

📅 Published: November 23, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

फिरोजाबाद के फरिहा स्थित मोहल्ला नई बस्ती के राधे कृष्णा रेडीमेड स्टोर पर शनिवार रात 10 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब स्वेटर बदलने के बहाने आए एक युवक ने दुकानदार के साथ मारपीट और नकदी छीनने का प्रयास किया। दुकानदारों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। दुकान संचालक प्रांशु गुप्ता, पुत्र नारायण गुप्ता, रात दुकान बंद करने के दौरान दिनभर की बिक्री के गल्ले के रुपए गिन रहे थे। इसी दौरान एक युवक दुकान पर आया और स्वेटर बदलने की बात कहने लगा। जब दुकानदार ने उसे दो मिनट इंतजार करने को कहा, तो युवक भड़क गया और उसने प्रांशु गुप्ता को थप्पड़ मारकर मारपीट शुरू कर दी। हंगामा बढ़ता देख पास की दुकानों के व्यापारी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि युवक ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी। उसने गल्ले में रखे लगभग 10 से 15 हजार रुपये छीनकर अपने साथी को पकड़ाने का प्रयास किया। इसी बीच, क्षेत्र में गश्त कर रही 112 पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को पकड़ लिया और उसे थाने ले गई। पुलिस ने हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। दुकानदार प्रांशु गुप्ता ने थाने में तहरीर दी है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट, धमकी और नकदी छीनने के प्रयास की धाराओं में सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय व्यापारियों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उनका कहना है कि शाम के समय गल्ले के पैसे गिनते वक्त इस तरह की घटनाएं व्यापारियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करती हैं।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *