औरैया की साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के आरोप में दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। उनके कब्जे से फर्जी दस्तावेज, मोबाइल फोन और लगभग 1.40 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर अपराध विरोधी अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने रविवार शाम जानकारी देते हुए बताया कि गत 18 नवंबर को औरैया के साइबर थाने में एक महिला ने तहरीर दी थी। महिला को व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से लंदन से सोना और हीरे भेजने का लालच देकर पार्सल क्लियरेंस के नाम पर बड़ी रकम ठगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद, पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी बिधूना, साइबर के पर्यवेक्षण में गठित विशेष टीम ने त्वरित जांच शुरू की। जांच के दौरान, तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर तथा मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो आरोपियों सत्यपाल सिंह (22 वर्ष) और दृगपाल सिंह (27 वर्ष) को गिरफ्तार किया। ये दोनों झांसी जिले के मोठ थाना क्षेत्र के कुम्हरार गांव के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो फर्जी आधार कार्ड, रियलमी ब्रांड के दो मोबाइल फोन और ठगी के कुल 1,40,000 रुपये नकद बरामद किए। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे फर्जी आधार कार्ड का उपयोग कर लोगों को गुमराह करते थे और विदेशी पार्सल का प्रलोभन देकर बैंक खातों में पैसे मंगवाते थे। इस मामले में पहले से दर्ज धाराओं के साथ पूछताछ और बरामदगी के आधार पर अतिरिक्त धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विकास सिंह, निरीक्षक अख्तर हुसैन, मुंशी यतेन्द्र सिंह और अमित कुमार शामिल रहे।
लंदन पार्सल क्लियरेंस के नाम पर ऑनलाइन ठगी:पुलिस ने दो आरोपी किए गिरफ्तार, 1.40 लाख कैश बरामद
📅 Published: November 23, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
