लखनऊ में हजरत इमाम हुसैन का जन्म उत्सव मनाया गया। शिया समुदाय ने बेहद अकीदत से पैगम्बर मोहम्मद साहब के नवासे की याद में जुलूस निकाला और जगह जगह भोजन वितरण किया। काजमैन और मुफ्तीगंज इलाकों में अकीदत और खुशी के साथ जुलूस निकाले गए। काजमैन से ‘जुलूस-ए-मर्सरत’ निकला इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जुलूस टापे वाली गली, हसनपुरिया और कश्मीरी मोहल्ला होते हुए दरगाह हजरत अब्बास पहुंचा। रास्ते फूलों की पंखुड़ियां डालकर जुलूस का स्वागत किया गया । इस दौरान ‘हैदरी या अली’, ‘हुसैन जिंदाबाद’ और ‘अली मौला’ के नारे गूंजे। जगह-जगह लंगर (भंडारा), सबील ( प्याऊ) की व्यवस्था की गई। लोगों ने पैगंबर मोहम्मद साहब और हजरत इमाम हुसैन को याद करते हुए उनके संदेश को अपनाने की बात कही। शिया कॉलेज में दस्तरखान का आयोजन हुआ जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने एक साथ भोजन किया। इस अवसर पर शिया धर्म गुरुओं ने कहा कि हजरत इमाम हुसैन की पैदाइश मनाना हम लोगों के लिए बेहद खुशी की बात है। इमाम हुसैन ने कर्बला में जंग लड़के यह बताया कि कभी भी गलत इंसान का साथ नहीं देना चाहिए। हमेशा सच और न्याय के लिए लड़ाई लड़ना चाहिए। उन्होंने हमें एक दूसरे का सम्मान करने और मानवता के साथ जीवन जीने का संदेश दिया। इमाम हुसैन का जीवन हम लोगों के लिए एक उदाहरण है उसी के अनुसार हमें जिंदगी गुजारना चाहिए। हम सभी लोगों को अधिक से अधिक शिक्षा हासिल करनी चाहिए , साथ ही जरूरतमंदों की सहायता करनी चाहिए।
लखनऊ इमाम हुसैन की पैदाइश मनाई गई:शिया समुदाय ने जुलूस निकाला ,दस्तरख्वान सजा, लोगों ने एक दूसरे को बधाई दी
📅 Published: January 23, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
