लखनऊ के खाटू श्याम मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा:22 से 28 नवंबर तक किरीट भाई करेंगे प्रवचन

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

लखनऊ के बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में विश्व विख्यात भागवताचार्य किरीट भाई द्वारा साप्ताहिक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। यह कथा 22 नवंबर से 28 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगी। भागवताचार्य किरीट भाई ने श्री खाटू श्याम मंदिर में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्रीमद्भागवत का श्रवण न केवल पितरों के उद्धार के लिए, बल्कि अपनी आत्मा के कल्याण के लिए भी आवश्यक है। कथा में तत्वज्ञान, राजनीति, समाजशास्त्र और जीवन के विभिन्न पहलुओं का समावेश है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से कथा सुनने का आग्रह किया, जिससे उन्हें जीवन की जटिलताओं को समझने में सहायता मिलेगी। भगवान श्रीकृष्ण को सभी जीवों का हितैषी भागवताचार्य ने कहा कि मोह हमेशा व्यक्ति को बांधता है, जबकि प्रेम मुक्ति प्रदान करता है। उन्होंने परमात्मा श्रीकृष्ण को सभी जीवों का हितैषी बताया। गुरु पर विश्वास और समर्पण के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि गुरु और शिष्य का संबंध जन्म-जन्म का होता है। उन्होंने निष्काम कर्म, भक्ति, ज्ञान और अनुशासन को पाप कर्मों से मुक्ति का प्रमुख साधन बताया। किरीट भाई ने गीता का उदाहरण देते हुए समझाया कि वासना और स्वार्थ के कारण पाप कर्म उत्पन्न होते हैं, जिससे लोभ, मोह और अहंकार जैसी प्रवृत्तियां बढ़ती हैं। उन्होंने कहा कि निष्काम कर्म से आत्मिक शुद्धि और मोक्ष की प्राप्ति संभव है। भक्ति से भगवान के प्रति आदर और प्रेम बढ़ता है, ज्ञान से कर्मों को सही दिशा मिलती है, और अनुशासन सही मार्ग पर चलने में सहायक होता है। कलश यात्रा निकाली गई कथा के शुभारंभ से पूर्व पंचमुखी हनुमान जी महाराज मंदिर से श्री खाटू श्याम मंदिर तक कलश यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर गाजे-बाजे के साथ चल रही थीं। रथ पर सवार भागवताचार्य किरीट भाई ने भक्तों को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजक अतुल अग्रवाल, सुषमा अग्रवाल, महामंत्री रूपेश अग्रवाल, अनुराग साहू, पंकज मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *