लखनऊ में लोन रिकवरी एजेंट की हत्या कर दी गई। उसका शव घर से करीब 200 मीटर दूर चौराहे पर मिला। पूरा वाकया बुधवार रात का है। इसका एक्सक्लूसिव वीडियो भास्कर रिपोर्टर को मिला है। वीडियो में 3 संदिग्ध युवक कैद हुए हैं। उसमें दिख रहा है कि रिकवरी एजेंट की हत्या के बाद तीनों संदिग्ध उनके घर जाते हैं। वहां से कुछ सामान और एक बाइक लेकर फरार हो जाते हैं। पुलिस का मानना है कि तीनों आरोपी रिकवरी एजेंट के परिचित थे। उन्हें उसके घर और सामान की जानकारी थी। उन्होंने ही हत्या की है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब देखिए तीनों संदिग्धों की 4 एक्सक्लूसिव तस्वीरें… अब पूरे मामले को सिलसिलेवार ढंग से समझते हैं… घर से 200 मीटर दूर मिला था शव अंबेडकर नगर, राजे सुल्तानपुर निवासी शशि प्रकाश उपाध्याय (24) इंदिरानगर के सेक्टर-8 रघुराजनगर में किराए के मकान में अकेले रहते थे। वह विष्णु एंड कंपनी में लोन रिकवरी एजेंट थे। बुधवार रात करीब 11 बजे उनका शव घर से 200 मीटर दूर चौराहे पर लहुलुहान हालत में मिला था। सिर पर कांच की बोतल मारकर हत्या हुई मृतक शशि प्रकाश के भाई रवि ने बताया- बुधवार देर रात पुलिस से सूचना मिली शशि की तबीयत खराब है। वह लोहिया अस्पताल में भर्ती हैं। हम लोग लखनऊ पहुंचे तो हत्या की जानकारी हुई। आसपास के लोगों और पुलिस से पूछताछ की तो पता चला कि भाई के सिर में चोट था। सिर पर कांच की बोतल मारकर उसकी हत्या की गई थी। पता चला कि बुधवार रात करीब 10 बजे भाई को किसी का कॉल आया था। जिसके बाद वह टहलते हुए बाहर निकल गए थे। अब पढ़िए सीसीटीवी फुटेज में जो दिखा… ट्रिपलिंग करके पहुंचे 3 संदिग्ध युवक घटना से जुड़े 3 सीसीटीवी फुटेज भास्कर रिपोर्टर को मिले हैं। उनमें दिख रहा है कि रात करीब 12 बजे 3 संदिग्ध युवक बाइक पर ट्रिपलिंग करके मृतक के घर के बाहर पहुंचे। एक युवक बाइक से नीचे उतरा। घर के भीतर जाकर चारदीवारी के अंदर से कोई सामान बाहर फेंका। उसका दूसरा साथी सामान उठाकर बाइक लेकर खड़े तीसरे साथी के साथ फरार हो गया। इसके चंद सेकंड बाद घर में घुसा युवक अंदर से एक बाइक लेकर निकला और उसी से फरार हो गया। अब पढ़िए पुलिस की जांच में जो तथ्य सामने आया… परिचित के शामिल होने के साक्ष्य मिले मामले में रवि ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस की 4 टीमें मामले की जांच कर रही हैं। पुलिस की अब तक की जांच में आया है कि 3 युवक बाइक से 8 नंबर चौराहे पर पहुंचे। वहां से शशि प्रकाश को फोन कर बुलाया। शशि प्रकाश पैदल फोन पर बात करते हुए पहुंचे। युवकों का शशि प्रकाश से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। उनमें हाथापाई हुई। इस बीच एक युवक ने सड़क पर पड़ा कांच के बोतल का टुकड़ा उठाया। उससे शशि प्रकाश के सिर के पिछले हिस्से में वार कर दिया। शोर सुनकर आस पड़ोस के लोग दौड़े, तो हमलावर भाग गए। डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया- क्राइम टीम सहित चार टीमें लगाई गई हैं। हत्या में किसी परिचित के शामिल होने की बात सामने आ रही है। कुछ संदिग्धों को चिह्नित किया गया है, जल्दी गिरफ्तारी की जाएगी। —————— संबंधित खबर भी पढ़िए… लखनऊ में रिकवरी एजेंट की पीट-पीटकर हत्या:रोड पर खून से लथपथ शव मिला, कॉल आने के बाद घर से निकला था लखनऊ में रिकवरी एजेंट की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसका खून से लथपथ शव घर से कुछ मीटर दूर रोड पर पड़ा मिला। युवक किसी का कॉल आने के बाद घर से निकला था। कुछ देर में घर वालों को सूचना मिली कि लोहिया अस्पताल में युवक भर्ती है। जल्दी आ जाएं। पूरी खबर पढ़ें
लखनऊ में एजेंट की हत्या का VIDEO:फोन करके चौराहे पर बुलाया, कांच के टुकड़े से सिर पर वार कर मार डाला
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
