लखनऊ में ‘घूसखोर पंडित’ वेब सीरीज पर FIR:धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में पुलिस की कार्रवाई

📅 Published: February 5, 2026 | 📂 Category: Uncategorized

लखनऊ में OTT प्लेटफॉर्म पर प्रसारित एक विवादित वेब सीरीज को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। ‘घूसखोर पंडित’ नामक वेब सीरीज पर समाज में वैमनस्य फैलाने और एक विशेष समुदाय की धार्मिक व जातिगत भावनाओं को आहत करने के आरोप लगे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में लखनऊ पुलिस ने इस मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है।
सोशल मीडिया और OTT कंटेंट पर बढ़ी सख्ती पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, सोशल मीडिया और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रसारित ऐसे कंटेंट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जो समाज में सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करते हैं। इसी क्रम में यह संज्ञान में आया कि नेटफ्लिक्स जैसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर ‘घूसखोर पंडित’ नामक वेब सीरीज का प्रसारण किया जा रहा है, जिसकी विषयवस्तु को लेकर गंभीर आपत्तियां सामने आईं।
जातिगत अपमान और धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि वेब सीरीज का शीर्षक और कंटेंट एक विशेष समुदाय और जाति विशेष, विशेषकर ब्राह्मण समाज, को लक्षित करते हुए अपमानजनक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। इससे समाज में आक्रोश फैलने की स्थिति बनी और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने इस पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।
सामाजिक संगठनों में रोष, विरोध की चेतावनी
फिल्म के नाम और कथानक को लेकर ब्राह्मण समाज समेत कई सामाजिक संगठनों में भारी रोष देखा गया। संगठनों का कहना है कि इस तरह की वेब सीरीज समाज में गलत संदेश देती हैं और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाती हैं। पुलिस को यह भी इनपुट मिला कि यदि समय रहते कार्रवाई न की जाती तो विरोध प्रदर्शन और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती थी।
शांति भंग करने के प्रयास का मामला दर्ज
हजरतगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह द्वारा मामले में संज्ञान लेते हुए वेब सीरीज के डायरेक्टर और उनकी टीम के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि कंटेंट का उद्देश्य समाज में वैमनस्य फैलाना और शांति व्यवस्था को भंग करना हो सकता है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *