लखनऊ सहकारिता भवन में उत्तर प्रदेश यूथ एसोसिएशन द्वारा ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह 2025’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर लखनऊ समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा, उद्यमिता, कला, खेल और प्रशासनिक क्षेत्रों में योगदान देने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न दे कर सम्मानित किया गया। महिलाओं ने लिया संकल्प समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के मंत्री अरुण सक्सेना और मंत्री प्रतिभा शुक्ला मौजूद रही। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न जिलों से आईं प्रतिभागी महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और समाज में महिलाओं की भूमिका को मजबूत करने के संकल्प दोहराए। ‘सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाया’ अपने संबोधन में मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा सरकार महिलाओं को पूरे सम्मान और सुरक्षा के साथ आगे बढ़ने के अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों में तेजी से कमी आई है और सरकार लगातार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रभावी योजनाओं को जमीन पर लागू कर रही है। उन्होंने कहा आज की महिला आत्मनिर्भर है। सरकार का प्रयास है कि हर महिला अपने सपनों को पूरा कर सके। ‘महिलाओं को मिले बराबरी का अधिकार’ मंत्री अरुण सक्सेना ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन तभी संभव है जब महिलाओं को बराबरी का अधिकार और अवसर मिलें। उन्होंने यूथ एसोसिएशन के इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं के मनोबल को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समारोह में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
लखनऊ में नारी शक्ति सम्मान समारोह:समाज की तस्वीर बदलने वालों को मिला सम्मान, प्रतिभा शुक्ला बोलीं- महिलाएं हर क्षेत्र में तरक्की कर रही हैं
📅 Published: November 24, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
