लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र स्थित सतरिख रोड पर शुक्रवार देर रात एक सब्जी विक्रेता की दुकान में आग लगने से हड़कंप मच गया। शेखर होटल के पास सड़क किनारे लगी यह दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना के समय इलाके में सन्नाटा था, जिससे आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका। दुकान संचालक बाबूलाल सड़क किनारे टट्टर शेड लगाकर वर्षों से सब्जी का व्यवसाय कर रहे थे। शुक्रवार रात करीब एक बजे कुछ अज्ञात शरारती तत्वों ने उनकी दुकान में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास से गुजर रही बिजली की लाइन भी चपेट में आ गई, जिससे आसपास के इलाके की बिजली सप्लाई ठप हो गई। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान पूरी तरह जल चुकी थी। चिनहट पुलिस के अनुसार घटना स्थल के सामने स्थित दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस फुटेज खंगाल रही है ताकि आगजनी करने वालों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
लखनऊ में सब्जी की दुकान में लगी आग:सामान जलकर राख़, शरारती तत्वों पर आग लगाने का शक; सीसीटीवी से हो रही जांच
📅 Published: January 23, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
