लखीमपुर के नीमगांव थाना क्षेत्र में ड्यूटी से लौट रहे एक 45 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे गन्ने के खेत में मिला है। मृतक की पहचान गौतम पुत्र मिट्ठू लाल के रूप में हुई है, जो लखीमपुर के टंडन नर्सिंग होम में कार्यरत थे। शुक्रवार सुबह परसेहरा गांव के ग्रामीणों ने शौच के लिए जाते समय शव देखा और तत्काल मृतक के पिता को सूचना दी। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद परिवार में शोक छा गया। गौतम की मां शांति देवी ने बताया कि गौतम सुबह साइकिल से लखीमपुर अस्पताल में अपनी ड्यूटी पर गए थे। उन्होंने यह भी बताया कि गौतम मोबाइल फोन नहीं रखते थे, इसलिए परिवार को लगा कि देर होने के कारण वह लखीमपुर में ही रुक गए होंगे। पिता मिट्ठू लाल ने पुलिस को बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। गौतम अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी सरिता, 10 वर्षीय बेटी अंजलि और 5 वर्षीय बेटा अनुराग हैं। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि गौतम शराब का सेवन करते थे। ग्रामीणों के बीच यह कयास लगाया जा रहा है कि अधिक शराब के नशे के कारण उनकी मौत हुई होगी। नीमगांव थाना प्रभारी आदित्य कुमार मौर्य ने जानकारी दी कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है और परिजनों की ओर से किसी प्रकार की रंजिश की आशंका नहीं जताई गई है।
लखीमपुर में संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव:सड़क किनारे गन्ने के खेत में मिला, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
📅 Published: November 22, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
