लखीमपुर के चौखड़ा फार्म गांव में किसान जंगली हाथियों के आतंक से जूझ रहे हैं। 30-35 हाथियों का एक झुंड लगातार आसपास के जंगलों से निकलकर गन्ने के खेतों में घुस रहा है। किसानों के अनुसार, ये हाथी रात के समय खेतों में घुसकर सैकड़ों एकड़ पकी फसल को रौंद देते हैं। किसानों का कहना है कि वे रातभर जागकर खेतों की रखवाली करते हैं, लेकिन हाथियों के बड़े झुंड के सामने उनकी कोशिशें नाकाम साबित हो रही हैं। खेतों में दूर-दूर तक रौंदी हुई गन्ने की फसल और टूटे पौधे किसानों की मेहनत को बर्बाद कर रहे हैं। मझगांई रेंजर अंकित कुमार सिंह वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, किसानों ने आरोप लगाया है कि वन विभाग केवल औपचारिकता पूरी कर रहा है और उन्हें अब तक कोई मुआवजा नहीं मिला है। हाथियों को खेतों से दूर भगाने के लिए किसानों ने गन्ने की पत्तियां जलाकर आग का इस्तेमाल किया। इस दौरान किसानों ने हाथियों के झुंड का एक वीडियो भी बनाया, जिसमें दर्जनों हाथी खेतों के बीच से गुजरते हुए दिख रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और वन विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने और किसानों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की अपील की है।
लखीमपुर में हाथियों ने रौंदा सैकड़ों एकड़ गन्ने की फसल:रात में किसान कर रहे रखवाली, मुआवजे की मांग
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
